बारां। जिला मुख्यालय के कोटा रोड स्थित सीनियर हाई सेकेंडरी स्कूल के खेल प्रांगण में 15 मार्च रविवार को आयोजित होने वाले ब्राह्मण युवा संगम की सभी व्यापक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। कार्यक्रम को लेकर ब्राह्मण समाज में खासा उत्साह का माहौल बना हुआ है। शनिवार को विप्र सेना और ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों तथा युवाओं ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा जिन विप्र बंधुओं को दायित्व दिया गया था उनसे समस्त जानकारी ली गई। हजारों विप्रजनों की भागीदारी की उम्मीद में कार्यकर्ता दिन-रात व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं ताकि आयोजन को भव्य रूप दिया जा सके।

पत्रकारों से रूबरू हुए आयोजक, बताई भविष्य की रूपरेखा

इस अवसर पर आयोजकों द्वारा कोटा रोड स्थित सीनियर हायर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में ही कार्यक्रम को लेकर पत्रकारों को भी जानकारी देते हुए कार्यक्रम का उद्देश्य और भविष्य की रूपरेखा का उल्लेख किया। पत्रकारों से रूबरू होते हुए आयोजकों ने बताया कि "कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के युवा और कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से तन-मन-धन से जुटे हुए हैं।" आयोजकों ने जानकारी दी कि शहर के विभिन्न वार्डों के साथ-साथ आसपास के गांवों और कस्बों में भी समाज के बंधुओं से व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिए गए है।

व्यापक जनसमर्थन और हजारों की संख्या में जुटने की संभावना

कार्यक्रम को लेकर समाज में व्यापक जनसमर्थन देखने को मिल रहा है, जिसको देखते हुए लगता है कि आयोजन में हजारों की संख्या में ब्राह्मण समाज के लोगों के पहुंचने की संभावना है, उसी के अनुरूप सभी तैयारियां की गई है। कार्यक्रम में राजस्थान के विभिन्न जिलों से ब्राह्मण समाज के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और युवा नेता भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। ब्राह्मण युवा संगम का मुख्य उद्देश्य समाज के युवाओं को एक मंच पर लाना, आपसी एकता को मजबूत करना और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही युवा पीढ़ी को समाज की परंपराओं, संस्कारों और जिम्मेदारियों से जोड़ने का प्रयास भी किया जाएगा।

सुचारू व्यवस्थाओं के लिए अस्थाई कार्यालय और विशेष इंतजाम

कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विप्र सेना एवं ब्राह्मण समाज द्वारा धर्मादा संस्था चौराहे के समीप अस्पताल रोड पर एक अस्थायी कार्यालय भी स्थापित किया गया है, जहां से आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की लगातार दिशा निर्देश जारी किए गए है और व्यवस्थाओं को लेकर अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर पंडाल, बैठक व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग, प्रसादी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले समाजबंधुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजकों ने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर "ब्राह्मण युवा संगम एवं स्नेह भोज को ऐतिहासिक और यादगार बनाने की अपील की है।"

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story