रक्तकोष फाउंडेशन बारां: भीषण गर्मी में युवाओं ने किया 59 यूनिट रक्तदान
भीषण गर्मी के बीच पाठेडा क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं ने बारां ब्लड बैंक में रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की, शिविर में कुल 59 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

बारां के सरकारी ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान उपस्थित रक्तकोष फाउंडेशन के पदाधिकारी, विशिष्ट अतिथिगण और चिकित्सा टीम के सानिध्य में रक्तदान करते हुए क्षेत्र के युवा।
भीषण गर्मी और रक्त की भारी कमी के बीच पाठेडा क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए बारां ब्लड बैंक में 59 यूनिट रक्तदान किया। हनुमान क्लब पाठेडा, शिक्षा सहकारी कोटा बारां तथा रक्तकोष फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जरूरतमंदों के लिए जीवनदान का संदेश दिया।
शिविर संयोजक यशवंत सुमन ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रक्तकोष बारां के जिलाध्यक्ष नंदलाल केसरी रहे, जबकि शिविर की अध्यक्षता जिला संयोजक दुर्गाप्रसाद प्रजापति ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में बंकट व्यायामशाला बारां के अध्यक्ष भुवनेश सोनी, ब्लड बैंक के डॉ. प्रदीप नागर, फाउंडेशन के जिला उपाध्यक्ष सत्यनारायण मीना, जिला ब्रांड एम्बेसडर संजय मेघवाल, भाजपा उपाध्यक्ष मुकेश केरवाड़िया, पूर्व उप सरपंच राकेश नागर, बारां तहसील अध्यक्ष भवानी सुमन, छबड़ा तहसील अध्यक्ष जुगल नागर, वार्ड सदस्य हेमराज राठी तथा समाजसेवी किशन पांचाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि नंदलाल केसरी ने संबोधित करते हुए कहा कि रक्तकोष फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी आईएएस द्वारा जन्मदिन, पुण्यतिथि और शादी की सालगिरह जैसे अवसरों पर रक्तदान करने की शुरू की गई पहल सराहनीय है। उन्होंने सभी लोगों से वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और इससे किसी का जीवन बचाया जा सकता है।
अध्यक्षता कर रहे जिला संयोजक दुर्गाप्रसाद प्रजापति ने कहा कि दुनिया में रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, इसलिए इसे महादान कहा जाता है। शिविर में रक्तदाताओं का माला पहनाकर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।
शिविर में सोनम मेघवाल, अंतिमा सुमन, विशाल गुजर, करण प्रजापति, हेमराज सुमन, उदय मालव और रोहित बैरवा ने पहली बार रक्तदान किया। आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं में यशवंत सुमन, भुवनेश नागर, कमलेश चौधरी, उमेश सुमन, पवन सुमन, अश्वनी नागर, भरत चौधरी, दुष्यंत वैष्णव, पंकज नागर, प्रवीण सुमन, लोकेश सुमन और पंकज वैष्णव सहित कई कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।
रक्त संग्रहण का कार्य सरकारी ब्लड बैंक की टीम ने प्रभारी डॉ. प्रदीप नागर के सानिध्य में किया। शिविर के समापन पर सभी रक्तदाताओं को माला पहनाकर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अंत में शिविर संयोजक यशवंत सुमन ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
