बास्केटबॉल खिलाड़ी रणजीत की 15वीं पुण्यतिथि पर 9 जुलाई 2026 को रक्तदान शिविर तय
बारां में स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा विकास समिति की बैठक में 9 जुलाई 2026 को रणजीत सिंह राणा की पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर समेत विभिन्न कार्यक्रम तय किए गए।

तस्वीर में स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा विकास समिति की जिला स्तरीय बैठक में पदाधिकारी कोटा रोड स्थित निजी रिसोर्ट में बैठकर चर्चा करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
बारां में बास्केटबॉल के राष्ट्रीय खिलाड़ी स्वर्गीय रणजीत सिंह राणा की 15वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 9 जुलाई 2026 को रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। यह आयोजन जिला ब्लड बैंक, बारां में किया जाएगा। इस संबंध में स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा विकास समिति, जिला बारां की जिला स्तरीय बैठक रविवार को जिला अध्यक्ष कपिलदेव शर्मा की अध्यक्षता में कोटा रोड स्थित एक निजी रिसोर्ट में संपन्न हुई।
बैठक में समिति की वर्षभर की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी सामाजिक, शैक्षिक, स्वास्थ्य एवं खेलकूद कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। समिति के सदस्य सुनील शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वर्गीय रणजीत सिंह राणा की पुण्यतिथि पर आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों का सम्मान किया जाएगा और उन्हें एक पौधा भेंट किया जाएगा।
खेल गतिविधि प्रभारी अमित मदान, चेतन पारीक एवं मुकेश मेहरा ने बताया कि संस्था द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल प्रतियोगिताओं एवं खेल सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। साथ ही जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाकर उस पर प्रभावी रूप से कार्य किया जाएगा।
पर्यावरण गतिविधि प्रभारी श्रीमती ऋचा वर्मा एवं दीप्ति मदान ने बताया कि वर्षा ऋतु को देखते हुए "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सामाजिक गतिविधि प्रभारी कपिलदेव शर्मा एवं ऋषि बल्लभ शर्मा ने बताया कि संस्था वर्षभर सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिनमें नेत्र चिकित्सा शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर तथा रक्तदान शिविर प्रमुख रहेंगे।
समिति के गतिविधि प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, चिकित्सा एवं खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देना है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए जिला बैठक में वर्षभर के कार्यक्रमों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया और विभिन्न गतिविधियों के सफल संचालन के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
