बारां जिले के अटरू उपखंड क्षेत्र की चरड़ाना ग्राम पंचायत मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध रामतलाई बालाजी धाम मंदिर इन दिनों भक्ति और आस्था के चरम माहौल का साक्षी बना हुआ है। यहां बालाजी विकास समिति चारड़ाना के तत्वावधान में भव्य पंच कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ के आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।

कृष्ण मुरारी दिलावर ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 मई को शीतला माता मंदिर के लोकार्पण के साथ इस धार्मिक आयोजन में भक्ति और आध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इसी क्रम में रामतलाई बालाजी धाम परिसर में पत्रकारों से रूबरू होते हुए चरड़ाना सरपंच एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कृष्णमुरारी दिलावर ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है और समापन दिवस पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि महायज्ञ में राजनीति और धर्म जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा, किशनगंज-शाहाबाद विधायक डॉ. ललित मीणा एवं उप जिला प्रमुख छीतरलाल पालरिया भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

आयोजन में देशभर के विभिन्न अखाड़ों और मठों से आए साधु-संतों का सानिध्य प्राप्त हो रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक ऊर्जा का संचार हो रहा है। रामतलाई धाम की ऐतिहासिक महत्ता इस आयोजन को विशेष आयाम प्रदान करती है। वर्ष 2007 में यहां संतों द्वारा शाही स्नान किया गया था, जिसे कुंभ के अलावा देश में अपनी तरह का पहला आयोजन माना जाता है। सात नदियों के पवित्र जल से अभिमंत्रित इस स्थल को संतों ने पवित्र तीर्थ का स्वरूप प्रदान किया, जिसके बाद से यह स्थान श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है।

यह संपूर्ण आयोजन सरपंच कृष्णमुरारी दिलावर के नेतृत्व में भव्य रूप से संपन्न कराया जा रहा है। एड. सुरेश शर्मा ने बताया कि आयोजन को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है, वहीं प्रशासन द्वारा भी व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

3 मई को चरड़ाना का रामतलाई धाम एक बार फिर भक्ति और आस्था का विराट केंद्र बनेगा, जहां हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना के बीच यह आयोजन क्षेत्रीय धार्मिक चेतना और सामाजिक एकता का महत्वपूर्ण प्रतीक बनकर उभरेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story