बारां: आदर्श विद्या मन्दिर में श्री हनुमान जन्मोत्सव पर संस्कार संकल्प कार्यक्रम
आदर्श विद्या मन्दिर शिक्षा समिति के सचिव घांसी लाल मेघवाल ने विद्यार्थियों को हनुमान जी के साहस और अनुशासन को जीवन में उतारने का संदेश दिया।

बारां के अटरू स्थित आदर्श विद्या मन्दिर में हनुमान जन्मोत्सव के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते मुख्य अतिथि घांसी लाल मेघवाल और उपस्थित आचार्य परिवार।
बारां/अटरू - विद्या भारती शिक्षा संस्थान बारां द्वारा संचालित आदर्श विद्या मन्दिर में श्री हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा, उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने भगवान श्री हनुमान जी के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
हनुमान जी के आदर्शों से विद्यार्थी जीवन में प्रगति
प्रधानाचार्य सत्यनारायण पांचाल ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आदर्श विद्या मन्दिर शिक्षा समिति अटरू के सचिव घांसी लाल मेघवाल रहे। मेघवाल ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में श्री हनुमान जी के जीवन चरित्र, उनकी भक्ति, सेवा, साहस, समर्पण एवं अनुशासन पर प्रकाश डाला। उन्होंने भैया-बहिनों को श्री हनुमान जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर अध्ययन, अनुशासन और चरित्र निर्माण में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
निष्ठा और विनम्रता का मार्ग
उन्होंने कहा कि "श्री हनुमान जी का जीवन हमें निष्ठा, परिश्रम, विनम्रता और राष्ट्रभक्ति का मार्ग दिखाता है। यदि विद्यार्थी इन गुणों को अपने जीवन में अपनाएं, तो वे निश्चित रूप से सफलता के शिखर तक पहुंच सकते हैं।" "हनुमान जी के आदर्श अपनाकर विद्यार्थी जीवन में करें निरंतर प्रगति" — घांसी लाल मेघवाल। कार्यक्रम में नवीन सत्रारंभ के साथ विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उत्तम संस्कार तथा राष्ट्रीय भाव से ओतप्रोत शिक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु समस्त आचार्य परिवार ने संकल्प लिया।
भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ कार्यक्रम
इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य, दीदी एवं भैया-बहिन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण भक्तिमय, प्रेरणादायी एवं उत्साहपूर्ण रहा। यह जानकारी विद्या भारती प्रचार विभाग द्वारा दी गई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
