बारां जिला: तीन विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन संपन्न
निर्वाचन आयोग के पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बारां, किशनगंज और छबड़ा में मतदाताओं की संख्या 1.85% बढ़ी; अब कुल 7,14,214 मतदाता।

बारां मिनी सचिवालय में जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन के संबंध में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए।
मतदाताओं की संख्या में 1.85 प्रतिशत की वृद्धि
तीनों विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या 1.85 प्रतिशत बढ़कर 7 लाख 14 हजार 214 हो गई है। यहाँ 16 दिसंबर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या 7 लाख एक हजार 267 थी। इससे मतदाताओं की संख्या में 1.85 प्रतिशत वृद्धि के साथ कुल मतदाताओं की संख्या 7,14,214 हो गई है, जिनमें पुरूष 3,71,770, महिला 3,42,438 तथा ट्रांसजेण्डर 06 हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी की पत्रकार वार्ता
जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि:
- तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 28 अक्टूबर 2025 को एसआईआर (SIR) अभियान प्रारंभ किया गया था।
- अंतिम प्रकाशन के पश्चात मतदाताओं की संख्या किशनगंज में 2,35,176, बारां-अटरू में 2,32,416 एवं छबड़ा में 2,46,622 तथा कुल 7,14,214 हो गई है।
- "उन्होंने बताया कि जेंडर रेशियो ड्राफ्ट प्रकाशन के समय 918 था जो अब 921 हो गया है।"
पत्रकार वार्ता के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी भंवरलाल जनागल, निर्वाचक पंजीयन अधिकारी विश्वजीत सिंह, चुनाव समन्वयक हीरालाल वर्मा, सहायक निदेशक जनसम्पर्क योगेन्द्र शर्मा आदि उपस्थित थे।
दावे व आपत्तियों का निस्तारण (16 दिसंबर से 19 जनवरी)
अभियान के अन्तर्गत 16 दिसंबर से 19 जनवरी तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त किए गए थे। इस अवधि में जिले की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र किशनगंज, बारां-अटरू एवं छबड़ा में कुल प्राप्त फॉर्म का विवरण निम्न है:
- कुल 14,366 फॉर्म-6/6ए प्राप्त हुए।
- 1,817 फॉर्म-7 प्राप्त हुए।
- 3,399 फॉर्म-8 प्राप्त हुए।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा दावे एवं आपत्तियों हेतु प्राप्त आवेदन पत्रों की सूची फॉर्म 9, 10, 11, 11ए और 11बी में तैयार की गई और ऐसी सूचियाँ की एक प्रति उनके कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रत्येक कार्य दिवस को प्रदर्शित की गई।
मतदाता गणना का विस्तृत विश्लेषण
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में अभियान से पूर्व मतदाताओं की संख्या 7 लाख 56 हजार 75 थी। जिनमें से:
- 54,808 मतदाता अनुपस्थित, शिफ्टेड व मृत श्रेणी में पाए गए।
- कुल 1,356 अयोग्य पाए गए।
- अभियान की अवधि में कुल 15,654 नए नाम जोड़े गए तथा 2,707 नाम हटाए गए।
- इस प्रकार 12,947 कुल नाम जुड़े।
विधानसभा क्षेत्र वार संख्या:
- किशनगंज-194 में 2,35,176 मतदाता।
- बारां-अटरू-195 में 2,32,416 मतदाता।
- छबड़ा-196 में 2,46,622 मतदाता।
ऑनलाइन उपलब्धता एवं राजनैतिक दलों को प्रति
मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम मतदाता सूची-2026 की एक सॉफ्ट कॉपी एवं एक हार्ड कॉपी निःशुल्क संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के स्तर पर बैठक आयोजित कर उपलब्ध कराई गई। यह सूचियाँ जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट https://election.rajasthan.gov.in पर ऑनलाइन उपलब्ध है तथा कोई भी मतदाता इस सूची में अपना नाम ऑनलाइन मतदाता पहचान पत्र सर्च के माध्यम से देख सकेगा।
नाम जोड़ने व हटाने की सतत प्रक्रिया
"मतदाता सूची में नाम जुड़वाना, हटाना व प्रविष्टियों में संशोधन एक अनवरत प्रक्रिया जो सतत जारी है, इसके लिए क्रमशः फॉर्म-6 मय घोषणापत्र, 7 एवं 8 ऑनलाइन अथवा संबंधित बीएलओ से सम्पर्क कर भरा जा सकता है।"
अपील करने की 15 दिवस की अवधि
मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि के संबंध में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय के विरूद्ध अपील लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24 तथा निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 23 एवं 27 के अन्तर्गत प्रथम अपील जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष अन्तिम प्रकाशन दिनांक से 15 दिवस में की जा सकती है। जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय से संतुष्ट नहीं होने की स्थिति में द्वितीय अपील मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान को 30 दिवस के भीतर प्रस्तुत कर सकते हैं।
मतदान केन्द्रों की संख्या में बदलाव
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में पुनर्गठन से पूर्व मतदान केन्द्रों की संख्या 784 थी, जो अब 910 हो गई है। पुनर्गठन के पश्चात मतदान केन्द्रों की स्थिति:
- किशनगंज में 283 मतदान केन्द्र।
- बारां-अटरू में 323 मतदान केन्द्र।
- छबड़ा में 304 मतदान केन्द्र।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
