पिकअप से चार क्विंटल वजनी तिजोरी चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, आरोपी गिरफ्तार, तिजोरी-दस्तावेज बरामद
बारां के अन्ता थाना पुलिस ने चार क्विंटल वजनी तिजोरी चोरी मामले का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पिकअप वाहन, तिजोरी और दस्तावेज बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश जारी।

तस्वीर में अंता पुलिस थाने के बाहर खड़े पुलिसकर्मी, गिरफ्तार किया गया आरोपी (नीचे बैठा हुआ) और वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग का पिकअप वाहन दिखाई दे रहा है।
बारां जिले के पुलिस थाना अन्ता ने बड़ी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए चार क्विंटल वजनी तिजोरी चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जब्त करने के साथ ही चोरी गई तिजोरी और उसमें रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद कर लिए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों तथा शेष चोरी गए माल-मसरूका की बरामदगी के लिए अनुसंधान जारी है।
पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदासु ने बताया कि 07.07.2026 को फरियादी ने पुलिस थाना अन्ता में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 06.07.2026 की रात अज्ञात चोर उसके मकान का मुख्य गेट तथा गैलरी का ताला तोड़कर घर में घुस गए। चोर पूजा कक्ष में रखी लगभग चार क्विंटल वजनी तिजोरी चोरी कर ले गए। तिजोरी में करीब 5,50,000 रुपये नकद, दो सोने की चैन, तीन सोने की अंगूठियां तथा संपत्ति संबंधी महत्वपूर्ण रजिस्ट्री दस्तावेज रखे हुए थे। इसके अलावा कमरे की अलमारी से 7,000 रुपये नकद भी चोरी कर लिए गए। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस थाना अन्ता में प्रकरण संख्या 251/2026 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉ. कमल जांगिड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बारां के सुपरवीजन तथा पुष्पेन्द्र सिंह आढा, वृताधिकारी अन्ता के नेतृत्व में भूपेश शर्मा, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी अन्ता की विशेष टीम का गठन किया गया। गठित विशेष टीम और एमओबी टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर महत्वपूर्ण भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के अनेक सीसीटीवी फुटेज, विभिन्न टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया, जिससे घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन की पहचान हुई। जांच के दौरान वाहन मालिक एवं संदिग्ध आरोपी गोविन्द प्रसाद उर्फ गोलू पुत्र श्री श्रीलाल, निवासी वार्ड नम्बर 20, टावर कॉलोनी, गांधी नगर, छबड़ा का नाम-पता सामने आया, जिसके बाद उसकी लगातार तलाश और पतारसी की गई।
तलाश-पतारसी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति धरनावदा चौराहे पर पिकअप वाहन सहित मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को डिटेन कर लिया। पूछताछ में उसकी प्रकरण में संलिप्तता पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया तथा वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त कर लिया गया। पुलिस ने घटना में चोरी गई तिजोरी और उसमें रखे दस्तावेज भी बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपी से प्रकरण में शामिल अन्य मुलजिमान तथा चोरी गए माल-मसरूका के संबंध में गहनता से अनुसंधान किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोविन्द प्रसाद उर्फ गोलू पुत्र श्री श्रीलाल, निवासी वार्ड नम्बर 20, टावर कॉलोनी, गांधी नगर, छबड़ा के रूप में हुई है। कार्रवाई में भूपेश शर्मा, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी अन्ता, धीरेन्द्र सिंह सहायक उप निरीक्षक, उमाशंकर हेड कांस्टेबल, वीरेन्द्र सिंह कांस्टेबल, मुकेश सिंह कांस्टेबल, विक्रान्त कांस्टेबल तथा मुकेश स्वामी कांस्टेबल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और शेष चोरी गए माल की बरामदगी के लिए अनुसंधान को आगे बढ़ा रही है।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
