बारां। अंता नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में शनिवार को अंता विधायक एवं पूर्व केबिनेट मंत्री प्रमोद जैन भाया ने शहर के विभिन्न वार्डों में सघन जनसम्पर्क किया और कई स्थानों पर आयोजित नुक्कड़ सभाओं को संबोधित कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की।

प्रमोद जैन भाया कांग्रेसजनों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न वार्डों में पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशियों एवं कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं से सीधा संवाद किया। कांग्रेस नगर अध्यक्ष ललित गालव ने बताया कि जनसम्पर्क के दौरान मतदाताओं से कांग्रेस पार्टी के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की गई।

नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए प्रमोद जैन भाया ने कहा कि अंता की जनता ने हमेशा विकास, भाईचारे और जनहित की राजनीति को प्राथमिकता दी है। कांग्रेस पार्टी ने ऐसे प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा है, जो अपने-अपने वार्ड की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं और जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय का चुनाव केवल पार्षद चुनने का चुनाव नहीं है, बल्कि यह अपने वार्ड और शहर के भविष्य को दिशा देने का चुनाव है। इसलिए मतदाताओं को ऐसे जनप्रतिनिधियों का चयन करना चाहिए, जो हर समय जनता के सुख-दुःख में साथ खड़े रहें और वार्ड के विकास के लिए निरन्तर कार्य करें।

भाया ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान उनके द्वारा ऐतिहासिक कार्य करवाए गए हैं। सड़क, नाली, स्वच्छता, पेयजल, रोशनी, पार्क, यातायात सहित आमजन से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कांग्रेस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।

उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे पूरी एकजुटता एवं समर्पण के साथ प्रत्येक वार्ड में घर-घर पहुंचें तथा कांग्रेस की नीतियों, विचारधारा और प्रत्याशियों के पक्ष में मतदाताओं से संवाद करें।

इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं विभिन्न वार्डों के कांग्रेस प्रत्याशी उपस्थित रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगामी मतदान में पार्टी प्रत्याशियों को अधिक से अधिक मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story