बारां में अंबेडकर सर्किल पर दीपोत्सव, बाबा साहब की 135वीं जयंती पर कृत्यज्ञता
भारत अनुसूचित जाति परिषद द्वारा आयोजित कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीपदान कर संविधान निर्माता को याद किया।

बारां के अंबेडकर सर्किल पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती की पूर्व संध्या पर दीप प्रज्ज्वलित करते अतिथि डॉ. आर. एस. मीणा, संध्या मेघवाल, डॉ. सतीश लहरी और अन्य गणमान्य नागरिक।
बारां। भारत अनुसूचित जाति परिषद के तत्वावधान में भारत रत्न संविधान निर्माता डा. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के शुभ अवसर पर अंबेडकर सर्किल बारां पर दीपोत्सव का आयोजन कर बाबा साहब के प्रति कृत्यज्ञता प्रकट की गई। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत भीम वंदना से की गई। इस पावन अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक और संगठनों के प्रतिनिधि एकत्रित हुए।
अतिथियों द्वारा माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन
मुख्य अतिथि के रूप में अनु. जाति, जनजाति, ओबीसी, कर्मचारी संघ के संभागीय अध्यक्ष डा. आर. एस. मीणा, विशिष्ट अतिथि कांग्रेस आईटी सेल व पंचायत राज विभाग की प्रदेश सचिव संध्या मेघवाल, अंबेडकर वेलफेयर सोसायटी के जिलाध्यक्ष डा. सतीश लहरी, भूपेंद्र माथोडिया, एडवोकेट हिमानी यादव और जिला परिषद सदस्य जगदीश मेघवाल उपस्थित रहे। सभी अतिथियों द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
मुख्य वक्ता संध्या मेघवाल का संबोधन
मुख्य वक्ता के रूप में संध्या मेघवाल ने अपने संबोधन में कहा कि "यह पावन संध्या हम सब के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। हम यहां एकत्रित हुए हैं उस महान व्यक्तित्व की जयंती की पूर्व संध्या पर जिन्होंने भारत का संविधान रचा। करोड़ों लोगों के जीवन में समानता, न्याय और सम्मान की ज्योति प्रज्ज्वलित की।" उन्होंने आगे कहा कि "दीपदान केवल एक परंपरा नहीं है यह एक संकल्प है। आज हम दीप जला रहे हैं तो हमें यह भी संकल्प लेना चाहिए कि हम उनके विचारों को अपने जीवन में उतारेंगे। बाबा साहब ने एक ऐसे भारत का सपना देखा था, जहां हर व्यक्ति को समान अधिकार मिले, जहां जाति, धर्म या वर्ग के आधार पर किसी के साथ भेदभाव न हो। आज भी यह सपना अधूरा है और इसे पूरा करने की जिम्मेदारी हम सबकी है।"
नारी शक्ति की उपस्थिति और आभार प्रदर्शन
परिषद के जिलाध्यक्ष बाबूलाल मेघवाल ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी को धन्यवाद अर्पित किया। इस गौरवमयी कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी व भारी संख्या में नारी शक्ति के रूप में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का सफल संचालन परिषद के कोषाध्यक्ष मदनलाल जाजोरिया द्वारा किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
