बारां। अन्नपूर्णा क्लब, बारां के तत्वावधान में कोटा रोड स्थित खेल संकुल मैदान में आयोजित दो दिवसीय अखिल भारतीय ओपन शूटिंग बॉल प्रतियोगिता का भव्य एवं आकर्षक शुभारंभ भव्य आतिशबाजी के साथ किया गया। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खेलप्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। आयोजन समिति के अध्यक्ष निर्मल माथोडिया एवं सचिव भीमराज चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि बारां-अटरू विधानसभा क्षेत्र के विधायक राधेश्याम बैरवा के सानिध्य में सम्पन्न हुआ।

गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति और गौरवमयी सहभागिता

इस गरिमामयी कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद गर्ग, अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मजीद मलिक कमांडो, पूर्व जिला प्रमुख नंदलाल सुमन, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जयेश गालव तथा बारां नगर परिषद के पूर्व उपसभापति नरेश पैंतरा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में देशभर की नामचीन टीमों एवं खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें नाना काले (सोलापुर), शोएब (जामनेर), इस्तियाक (नवी मुंबई), वकार (मालेगांव), जीतू बघेल (मध्य प्रदेश), सुरेश (हरियाणा), अरमान (पंजाब), मित्तल (दिल्ली), कुणाल (उत्तर प्रदेश), शिबू (मंदसौर), संजय (कोटा), रवि (बारां) एवं किशनगंज सहित अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल रहे।

उद्घाटन मुकाबला और रोमांचक लीग मैच

उद्घाटन मुकाबले में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी कुणाल की टीम ने महाराष्ट्र के नाना चौकले की टीम को 25-16 के अंतर से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के अंतर्गत देर रात्रि तक दूधिया रोशनी में लीग मैचों का रोमांच जारी रहा, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। संयोजक हंसराज सिंह गौड़ ने बताया कि खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने हेतु स्थानीय खेलप्रेमियों से पूरा मैदान खचाखच भरा रहा। दर्शकों ने पूरे उत्साह के साथ खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया तथा मैच के दौरान समय-समय पर प्रोत्साहन राशि भेंट कर उनका हौसला अफजाई किया।

निवर्तमान जिला कलेक्टर का विदाई सम्मान और खेल सुविधाओं का विस्तार

संरक्षक चंद्रप्रकाश सांखला, अरविंद त्यागी, चंद्रप्रकाश राठौर ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान बारां जिला कलेक्टर श्री रोहिताश्व सिंह तोमर के बारां से सिरोही स्थानांतरण के उपलक्ष्य में जिला शूटिंग बॉल संघ, बारां के सानिध्य में आयोजन समिति एवं खेल प्रेमियों द्वारा एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर पूर्व जिला कलेक्टर महोदय ने खिलाड़ियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए बताया कि "विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत श्री राम स्टेडियम, बारां तथा खेल संकुल स्थित मैदान के विकास हेतु भेजे गए प्रस्ताव स्वीकृत हो चुके हैं, जिससे क्षेत्र में खेल सुविधाओं को नई दिशा मिलेगी।" मंच संचालक गौरीशंकर शर्मा एवं भगवान शर्मा ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता के दौरान मीडिया से जुड़े प्रतिनिधियों एवं भामाशाहों का भी स्वागत एवं सम्मान किया गया।

आगामी क्वार्टरफाइनल मुकाबले और वरिष्ठ खिलाड़ियों का सम्मान

मीडिया प्रभारी चेतन राठौर ने बताया कि आगामी क्वार्टरफाइनल मुकाबले इस्तियाक (नवी मुंबई), कुणाल (उत्तर प्रदेश), सुरेश (हरियाणा), संजय (राजस्थान), वकार (मालेगांव), जीतू बघेल (मध्य प्रदेश), अरमान (पंजाब) एवं मित्तल (दिल्ली) के मध्य खेले जाएंगे, जिनको लेकर खेलप्रेमियों में विशेष उत्साह बना हुआ है। इस दौरान आयोजन समिति द्वारा बारां जिले के शूटिंग बॉल के वरिष्ठ खिलाड़ी सुरेंद्र राठौर और चंद्रप्रकाश सांखला को भी उनके खेलो में योगदान व बारां जिले का नाम रोशन करने के लिए सम्मानित किया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story