बारां में अखिल भारतीय ओपन शूटिंग बाल प्रतियोगिता 1 व 2 अप्रैल को होगी
अन्नपूर्णा क्लब के तत्वाधान में आयोजित इस नेशनल टूर्नामेंट में देश भर की 14 टीमें लेंगी हिस्सा, 31 मार्च को स्थानीय टीमों के बीच होगा मुकाबला।

बारां के खेल संकुल मैदान में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय ओपन शूटिंग बाल प्रतियोगिता की तैयारी बैठक में उपस्थित आयोजन समिति के पदाधिकारी।
बारां। अन्नपूर्णा क्लब बारां के तत्वाधान में कोटा रोड बारां स्थित खेल संकुल मैदान में 01 व 02 अप्रैल को दो दिवसीय अखिल भारतीय ओपन शूटिंग बाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर सर्वसम्मति से आयोजन समिति के अध्यक्ष पद हेतु निर्मल माथोडिया, आयोजन सचिव भीमराज चौधरी, संयोजक हंसराज सिंह गौड़, कोषाध्यक्ष छोटूलाल लाल सुमन एवं संरक्षक चंद्रप्रकाश सांखला, चंद्रप्रकाश राठौर और अरविन्द त्यागी को चुना गया है।
देश भर की 14 टीमें दिखाएंगी दमखम
अध्यक्ष निर्मल माथोडिया एवं सचिव भीमराज चौधरी ने बताया कि "इस प्रतियोगिता में पूरे भारत वर्ष से विभिन्न राज्यों से लगभग 14 टीमें भाग ले रही है। जिसमें राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तराखण्ड की टीमें शामिल होगी।" नेशनल लेवल के खिलाड़ियों का बारां की भूमि पर प्रदर्शन देखकर यहां के खिलाड़ियों को भी सीखने को मिलेगा व आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी, यह बात संरक्षक चंद्रप्रकाश राठौर एवं अरविंद त्यागी ने साझा की।
विजेता टीमों के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा
प्रतियोगिता के पुरस्कारों की जानकारी देते हुए संयोजक हंसराज सिंह गौड़ एवं संरक्षक चंद्रप्रकाश सांखला ने बताया कि "पुरस्कार राशि के रूप में विजेता टीम को 21000, उपविजेता को 15000, तीसरे स्थान पर आने वाली टीम को 7100 तथा चौथे स्थान पर आने वाली टीम को 5100 की राशि भेंट की जाएगी।" इस भव्य आयोजन को लेकर आयोजन समिति के कोषाध्यक्ष छोटूलाल सुमन, नीतू बना, प्रेमनारायण नागर, हंसराज मीणा, सुरेंद्र शर्मा और चंद्रमोहन शर्मा द्वारा सभी खेल प्रेमियों को इस प्रतियोगिता का आनंद लेने व खिलाडियों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया गया है।
स्थानीय टीमों के लिए 31 मार्च को विशेष मुकाबला
मीडिया प्रभारी चेतन राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि अखिल भारतीय शूटिंग बाल प्रतियोगिता से पूर्व 31 मार्च 2026 को बारां जिले की स्थानीय टीमों के मध्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रारंभिक मुकाबले के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा, जिसके उपरांत मुख्य राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा शुरू होगी।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
