बारां। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर और बढ़ते तापमान के बीच अखिल भारतीय अग्रवाल महिला जिला संगठन, बारां द्वारा सेवा का एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया है। भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए संगठन ने जन-सेवा का बीड़ा उठाया और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के लिए विशेष अभियान का संचालन किया।

जिला अध्यक्षा नीतू गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन द्वारा मुख्य रूप से उन श्रमिकों के लिए सेवा कार्य किए गए, जो चिलचिलाती धूप में मकानों के निर्माण और सड़कों पर कठिन परिश्रम कर रहे हैं। इन श्रमिकों को लू और गर्मी से बचाने के उद्देश्य से शीतल शरबत और गन्ने के जूस का वितरण किया गया। साथ ही, संगठन द्वारा उन्हें कपड़े की साफी भेंट की गई, ताकि वे धूप में काम करते समय अपने चेहरे और गले को ढक सकें और पसीना पोंछने में इसका उपयोग कर सकें। यह पहल भीषण गर्मी में सीधे तौर पर कार्यस्थलों पर मौजूद लोगों को राहत देने के लिए की गई।

महामंत्री मधु गोयनका एवं कोषाध्यक्ष बबली अग्रवाल ने बताया कि संगठन का यह सेवा पखवाड़ा पंद्रह दिनों तक निरंतर जारी रहेगा। इस दौरान शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर जल, शरबत, चप्पल, छाते, साफी और गन्ने के जूस का नियमित वितरण किया जा रहा है। संगठन का उद्देश्य न केवल जरूरतमंदों को गर्मी से राहत दिलाना है, बल्कि समाज में सेवा और परोपकार की भावना को जागृत करना भी है। इस सेवा कार्य के दौरान उषा निरंजन गोयल, अनीता मंगल, शकुंतला गोयल, निशा गोयनका, मधु गोयनका, बबली अग्रवाल एवं नीतू गुप्ता सहित संगठन की अन्य पदाधिकारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहीं। संगठन ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में भी सेवा के विभिन्न प्रकल्पों के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता की जाएगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story