बारां में कृषि विस्तार विभाग के तत्कालीन संयुक्त निदेशक आनन्दीलाल मीणा के विरुद्ध रिश्वत मांगने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) कोटा ने प्रकरण दर्ज किया है। एसीबी के अनुसार, कृषि बीज वितरण, दवाईयों की सप्लाई और खाद वितरण के लाइसेंस से संबंधित रजिस्टर व बिलों के वार्षिक सत्यापन के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत सामने आई थी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसीबी कोटा को परिवादी ने 05.05.2026 को शिकायत पेश की थी। शिकायत में बताया गया कि उसके पास कृषि बीज वितरण करने, दवाईयां सप्लाई करने तथा खाद वितरण करने का लाइसेंस है। इन कार्यों के लिए लाइसेंस के माध्यम से किए गए समस्त कार्यों में उपयोग किए गए रजिस्टर और बिलों का वर्ष में एक बार संयुक्त निदेशक, कृषि विस्तार, बारां द्वारा सत्यापन किया जाता है।

परिवादी ने आरोप लगाया कि उक्त रजिस्टरों को सत्यापित करने की एवज में तत्कालीन संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार बारां आनन्दीलाल मीणा द्वारा रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत के अनुसार, रिश्वत नहीं देने पर लाइसेंस निरस्त करने की धमकी भी दी गई थी।

उप-महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीना, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो कोटा रेंज कोटा के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो कोटा के नेतृत्व में 06.05.2026 को रिश्वत मांग का सत्यापन कराया गया। एसीबी के अनुसार, सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई।

एसीबी कोटा की ओर से ट्रेप कार्रवाई किए जाने से पहले ही अन्य परिवादी की शिकायत पर आरोपी को एसीबी बारां द्वारा रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। इसके कारण एसीबी कोटा द्वारा ट्रेप कार्रवाई नहीं की जा सकी। इसके बाद रिश्वत मांग के सत्यापन के आधार पर प्रकरण दर्ज किया गया।

प्रकरण का अनुसंधान श्री शरीफ अहमद, पुलिस निरीक्षक, एसीबी कोटा देहात द्वारा किया जा रहा है।

एसीबी कोटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार ने आमजन से भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें टोल फ्री नंबर 1064, वाट्सएप नंबर 9413502834, कार्यालय नंबर 0744-2350078 तथा चौकी प्रभारी के मोबाइल नंबर 9166652529 पर देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ब्यूरो परिवादियों के वैध कार्य करवाने में पूर्ण सहयोग करेगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story