बारां/छबड़ा में विद्या भारती द्वारा संचालित आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में श्रीगुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारतीय संस्कृति की गरिमा, श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत गुरु वंदन छात्र अभिनंदन समारोह का आयोजन अत्यंत उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम मंडखो बालाजी आश्रम के पूज्य महंत श्री देवदास महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ।

समारोह का शुभारंभ भारत माता एवं माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन तथा पुष्पार्चन के साथ किया गया। इसके पश्चात गुरु-शिष्य परंपरा के प्रतीक स्वरूप विद्यालय के समस्त आचार्य एवं दीदियों का अंगवस्त्र, कलम एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों का तिलक, पुष्प एवं वंदन कर भारतीय संस्कृति की गुरु-भक्ति परंपरा को साकार किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अमृतलाल मीणा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि समारोह के मुख्य वक्ता विद्या भारती शिक्षा संस्थान बारां के जिला सचिव राजेंद्र कुमार शर्मा थे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि विद्यालय प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष एवं शिक्षाविद् छीतरलाल गुर्जर रहे, जबकि अध्यक्षता स्थानीय विद्यालय समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार भार्गव ने की।

मुख्य वक्ता राजेंद्र कुमार शर्मा ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा, “गुरु का सम्मान भारतीय संस्कृति का प्राण तत्व है। गुरु केवल ज्ञान देने वाला शिक्षक नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला पथप्रदर्शक, संस्कारों का संवाहक और राष्ट्र निर्माण का शिल्पी होता है।” उन्होंने कहा कि विद्या भारती भारतीय शिक्षा दर्शन के माध्यम से ऐसी गुरुकुल परंपरा का पुनर्जागरण कर रही है, जहाँ शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण, संस्कार, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व का समन्वय होता है।

इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी विद्यार्थी ध्रुवप्रताप, मुदित साहू, आदित्य प्रजापति, आदित्य साहू, हर्षित साहू, भरतराज गुर्जर और दिव्यांश मालव तथा श्रेष्ठ परीक्षा परिणाम देने वाले आचार्य मोहनलाल मीणा का अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया। आचार्या कोमल वर्मा ने गुरु-शिष्य परंपरा पर अपने विचार व्यक्त किए।

समारोह के उपरांत अतिथियों ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र रावल ने किया, जबकि अंत में आभार प्रदर्शन के पश्चात शांति मंत्र के साथ समारोह का समापन हुआ। गुरु वंदन छात्र अभिनंदन समारोह ने भारतीय संस्कृति में गुरु-शिष्य परंपरा, संस्कारों और शिक्षा के मूल्यों को पुनः रेखांकित किया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story