बारां/छबड़ा। किशोरियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को व्यवहारिक अनुभव से जोड़ने के उद्देश्य से किशोरी सरस्वती यात्रा के अंतर्गत मदनलाल भवानी शंकर गुप्त बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की बोर्ड परीक्षाओं से मुक्त किशोरी छात्राओं ने कवाई कस्बे में स्थित अदानी थर्मल पावर प्लांट का शैक्षणिक औद्योगिक भ्रमण विद्या भारती के विज्ञान दल प्रभारी राकेश भार्गव, शिवराज मीणा एवं वंदना मेहता के मार्गदर्शन में किया।

अदानी थर्मल पावर प्लांट का भ्रमण कर समझी विद्युत बनाने की प्रक्रिया

भ्रमण के दौरान पावर प्लांट उड़ान प्रोजेक्ट विशेषज्ञ अधिकारीगणो ने किशोरियों को कोयले से विद्युत उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया, बॉयलर, टर्बाइन, जनरेटर, कूलिंग टावर तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर उन्हें पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत तथा आधुनिक तकनीक के उपयोग से भी अवगत कराया गया। अदानी पावर प्लांट के विशेषज्ञों ने छात्राओं को तकनीकी बारीकियों के साथ-साथ भविष्य की ऊर्जा जरूरतों और नवाचारों के प्रति जागरूक किया।

शिक्षाविदों के विचार और मार्गदर्शन

विद्यालय के प्रधानाचार्या मनोरमा शर्मा ने बताया कि "ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास हेतु आवश्यक होते हैं।" जिला सचिव राजेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि "इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण से बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ती है तथा वे वास्तविक जीवन में तकनीकी प्रक्रियाओं को समझ पाते हैं।" यह यात्रा छात्राओं के लिए केवल एक भ्रमण न होकर सैद्धांतिक पुस्तकों और व्यावहारिक विज्ञान के बीच एक सेतु साबित हुई।

छात्राओं के अनुभव और आभार प्रदर्शन

भ्रमण के उपरांत छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए इसे अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बताया। अंत में विद्यालय परिवार ने अदानी पावर प्रबंधन का इस शैक्षणिक सहयोग हेतु हृदय से आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story