अटरू में एकल अभियान का आचार्य अभ्यास वर्ग संपन्न, संस्कारों पर दिया जोर
बारां के अटरू में आयोजित वर्ग में 'शक्ति के डंडे पर भक्ति का झंडा' संकल्प के साथ ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशने और ग्राम समितियों के गठन पर मंथन किया गया।

बारां के अटरू स्थित अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित एकल अभियान के मासिक अभ्यास वर्ग के दौरान दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते अतिथि और उपस्थित आचार्य।
बारां। एकल अभियान संभाग राजस्थान भाग रणथंभोर अंचल बारां के कवाई-अटरू संच का मासिक आचार्य अभ्यास वर्ग स्थानीय अग्रवाल धर्मशाला में गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलन और अटरू संच समिति हेमराज नागर द्वारा स्वागत सत्कार से हुआ। इस दौरान शक्ति के डंडे पर भक्ति का झंडा के संकल्प के साथ आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत मंथन किया गया।
समाज में संस्कारों का बीजारोपण और विश्वगुरु का लक्ष्य
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित एकल अभियान संभाग राजस्थान के संरक्षक आचार्य परमानंद ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि "एकल का उद्देश्य केवल अक्षर ज्ञान देना नहीं, बल्कि समाज में संस्कारों का बीजारोपण करना है। हमें भारत को विश्वगुरु बनाना है इसके लिए ग्रामीण अंचल की छिपी प्रतिभाओं को तराश कर मुख्यधारा में आगे लाना होगा तभी हम एकल अभियान के संस्थापक श्याम गुप्त के सपनों को साकार कर पायेंगे। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में शक्ति और भक्ति के प्रतीक हनुमान चालीसा के पाठ होने ही चाहिए।"
ग्राम समितियों का गठन और कार्य की गुणवत्ता
एकल अभियान अंचल समिति के जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेश मेघवाल ने आचार्यों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि "आप सभी का परिश्रम रंग ला रहा है। ग्राम स्तर पर कार्य की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए अब ग्राम समितियों का गठन कर उन्हें और सक्रिय करने की आवश्यकता है।" उन्होंने कार्यकर्ताओं की निष्ठा और ईमानदारी को अभियान की सफलता का मूलमंत्र बताया। अंचल के सहपालक अंकित ने अभियान की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला, वहीं संभाग प्रशिक्षण प्रमुख सुरेश शर्मा ने डिजिटल माध्यम से आचार्यों की उपस्थिति दर्ज कर आगामी लक्ष्यों की जानकारी दी।
सुमधुर भजनों की प्रस्तुति और कार्यक्रम का समापन
भक्तिमय माहौल के बीच प्रियंका चक्रधारी, रीना नागर, मुकेश शर्मा और सोनम ओझा ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर एडवोकेट प्रमोद शर्मा, दीपांशु गेरा, शिवराज योगी सहित कई प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, पूर्णता मंत्र और सहभोज के साथ हुआ।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
