बारां। अटरू रेलवे स्टेशन के गेट नंबर 2 के बंद होने से स्थानीय जनता को हो रही परेशानियों को लेकर भाजपा अटरू मंडल के पदाधिकारियों ने जोरदार कदम उठाया है। मंडल अध्यक्ष पवन गंदोलिया, भाजपा नेता मुकेश मिश्रा, एडवोकेट सुरेश शर्मा और प्रद्युमन शर्मा के नेतृत्व में मंडल के पदाधिकारियों ने स्टेशन मास्टर के माध्यम से डीआरएम कोटा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अटरू रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 पर गत दिनों बंद किए गए रास्ते को पुनः खोलने, 100 मीटर के रास्ते का निर्माण एवं अन्य आवश्यक सुधार कार्यों की तत्काल मांग की गई है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि अटरू रेलवे स्टेशन पर गेट नंबर 2 का मार्ग हमेशा से कस्बे की आधी आबादी के आवागमन के लिए खुला था। किन्तु दो माह पूर्व सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए रेलवे प्रशासन ने इसे बंद कर दिया, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त 2 किलोमीटर का चक्कर लगाकर स्टेशन तक पहुंचना पड़ रहा है। पदाधिकारियों ने अनुरोध किया कि उक्त रास्ते को तत्काल प्रभाव से खोलते हुए रेलवे स्टेशन की 100 मीटर की सीमा तक सीसी रोड निर्माण कर मुख्य मार्ग से जोड़ा जाए। इसके अलावा गेट नंबर 54 की मरम्मत, रिजर्वेशन विंडो प्रारंभ करने और यात्री प्रतीक्षालय निर्माण जैसी समस्याओं का निस्तारण भी शीघ्र करने की मांग की गई। इस अवसर पर मंडल के अन्य वरिष्ठ सदस्य केदार नैनीवाल, प्रेमचंद सुमन, ओम नागर, अनिल शर्मा, धीरू शर्मा और केशव शर्मा उपस्थित थे।

इसी क्रम में भाजपा अटरू मंडल के पदाधिकारियों ने सांसद दुष्यंत सिंह को भी ज्ञापन सौंपा। मुकेश मिश्रा, एडवोकेट सुरेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष पवन गंदोलिया एवं प्रद्युमन शर्मा ने सांसद कार्यालय कोटा रोड पहुंचकर रेल प्रशासन से संबंधित मांगों को रखा। ज्ञापन में रुठियाई से दिल्ली तक ट्रेन चलाने, इंदौर-कोटा ट्रेन का अटरू में ठहराव, रिजर्वेशन काउंटर की स्थापना, स्टेशन पर प्रतीक्षालय निर्माण और दिन के समय कोटा से रुठियाई तक एक यात्री गाड़ी चलाने की भी सिफारिश की गई। सांसद दुष्यंत सिंह ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल रेल मंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

स्थानीय लोगों के लिए यह कदम अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे स्टेशन तक पहुँचने के मार्ग की सहजता बढ़ेगी और यात्रियों को हो रही परेशानी में कमी आएगी। अटरू रेलवे स्टेशन की यह मांग न केवल यातायात सुविधा के लिए, बल्कि स्थानीय विकास और आवागमन के सुचारू संचालन के लिए भी महत्वपूर्ण है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story