अंता मंडी में गेहूं की तुलाई ठप, विधायक प्रमोद जैन भाया ने दी आंदोलन की चेतावनी
बारां की अंता मंडी में बारदाने की कमी से गेहूं की खरीद रुकी, बारिश में फसल भीगने पर पूर्व मंत्री ने प्रशासन को घेरा और चक्का जाम की चेतावनी दी।

राजेंद्र शर्मा, बारां। अंता कृषि उपज मंडी में सरकारी अव्यवस्थाओं के चलते किसानों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मंडी स्थित सरकारी तौल केंद्र पर पिछले कई दिनों से बारदाने के अभाव का हवाला देकर तुलाई कार्य पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इसी बीच सोमवार को हुई अचानक बारिश ने खुले में पड़े किसानों के गेहूं को भिगो दिया, जिससे अन्नदाताओं को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। बारदाने की कमी और लंबे समय से मंडी में पड़ा गेहूं अब व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
सोमवार को पूर्व मंत्री एवं अंता विधायक प्रमोद जैन भाया ने स्वयं मंडी का दौरा कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया। वहां भीगे हुए गेहूं के ढेरों को देखकर विधायक का पारा चढ़ गया और उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। राजफेड के अधिकारियों से वार्ता के दौरान उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि किसानों के प्रति ऐसी घोर लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भाया ने तत्काल जिला कलेक्टर से दूरभाष पर संपर्क कर बारदाने की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने और तुलाई कार्य में गति लाने के कड़े निर्देश दिलवाए।
सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए विधायक प्रमोद जैन भाया ने आरोप लगाया कि वर्तमान व्यवस्था जान-बूझकर किसानों की उपज न खरीदने की मंशा से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले किसानों को टोकन के लिए दर-दर भटकाया जाता है, और जब टोकन मिल जाता है तो बारदाना उपलब्ध नहीं कराया जाता। इतना ही नहीं, गोदामों में गुणवत्ता का बहाना बनाकर किसानों की फसल को खारिज करने का खेल भी चल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बारदाना उपलब्ध कराकर तुलाई सुचारू नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के हित में सड़क से लेकर मंडी तक उग्र आंदोलन करेगी। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा, पूर्व पालिका अध्यक्ष मुश्ताक खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पीड़ित किसान मौजूद रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
