बारां। मकर संक्रांति के उल्लास के बीच इंसानी जिंदगियों और बेजुबान पक्षियों के लिए काल बने 'चाइनीज मांझे' के खिलाफ बारां जिला प्रशासन ने अपनी मुस्तैदी बढ़ा दी है। प्रतिबंध के बावजूद चोरी-छिपे मौत का सामान बेचने वाले कारोबारियों पर शिकंजा कसते हुए नगर परिषद की टीम ने शहर के व्यस्ततम चोमूखा बाजार में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस छापेमारी के दौरान बाजार में हड़कंप मच गया और प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई ने अवैध विक्रेताओं के बीच खौफ पैदा कर दिया है।

घटनाक्रम के अनुसार, नगर परिषद के दस्ते को पुख्ता सूचना मिली थी कि चोमूखा बाजार स्थित अशोक पतंग भंडार पर प्रतिबंधित चाइनीज मांजे की धड़ल्ले से बिक्री की जा रही है। सूचना की तस्दीक होते ही परिषद की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन कार्रवाई की भनक लगते ही दुकान मालिक ने चालाकी दिखाई और अपने मकान का दरवाजा भीतर से बंद कर लिया। काफी देर तक कार्रवाई बाधित रहने और दुकान मालिक के असहयोग को देखते हुए मौके पर पुलिस जाप्ता बुलाया गया। पुलिस की मौजूदगी में दबाव बढ़ने पर दरवाजा खुलवाया गया और सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।

तलाशी के दौरान दुकान और रिहायशी मकान के भीतर से भारी मात्रा में चाइनीज मांजे की गिरियां और चरखियां बरामद की गईं। हालांकि, जब तक टीम भीतर दाखिल हो पाती, तब तक दुकान मालिक ने साक्ष्यों को मिटाने और अधिकांश माल को खुर्द-बुर्द करने की कोशिश की, जिससे बरामदगी की मात्रा कुछ कम रही। मौके पर मौजूद नगर परिषद के एसआई नरसी लाल स्वामी ने बताया कि चाइनीज मांजा न केवल पक्षियों बल्कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन के स्पष्ट आदेश हैं कि शहर में कहीं भी इस घातक धागे का भंडारण या बिक्री नहीं होनी चाहिए।

प्रशासन की इस कार्रवाई से पूरे व्यापारिक जगत में कड़ा संदेश गया है। नगर परिषद और पुलिस की संयुक्त टीम अब शहर के अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी पैनी नजर रख रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मकर संक्रांति तक यह निगरानी अभियान और अधिक तेज किया जाएगा। यदि कोई भी दुकानदार नियमों की अवहेलना करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ न केवल माल जब्ती, बल्कि कठोर कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। इस कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि त्यौहार की आड़ में आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story