एडीजी लता मनोज कुमार ने बारां पुलिस का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण किया
अतिरिक्त महानिदेशक ने अपराध गोष्ठी में जघन्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, बॉर्डर सुरक्षा और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के संबंध में पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए।

बारां। पुलिस अधीक्षक बारां श्री अभिषेक अंदासु ने बताया कि श्रीमती लता मनोज कुमार, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (सिविल राइट्स, एएचटी एवं कम्यूनिटी पुलिसिंग) राजस्थान जयपुर, जिला बारां के 02 दिवसीय औपचारिक वार्षिक निरीक्षण पर आए। इस दौरान उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण और सामुदायिक पुलिसिंग की बारीकियों का जायजा लिया।
निरीक्षण का प्रथम दिन: थाना कवाई और वृत कार्यालय अटरू का दौरा
दिनांक 12.03.2026 को सर्वप्रथम वृत कार्यालय अटरू व पुलिस थाना कवाई का निरीक्षण किया गया। एडीजी ने वृताधिकारी अटरू व थानाधिकारी थाना कवाई तथा थाने के अनुसंधानाधिकारियों की मीटिंग लेकर पेण्डिग प्रकरणों के बारे में विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। थाना कवाई पर उन्होंने सुरक्षा सखी व ग्राम रक्षक दल के सदस्यों की मीटिंग ली जाकर थाना क्षेत्र के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इन सदस्यों को "पुलिस कार्यों में सहयोग करने तथा साईबर अपराधों के प्रति जागरूक होने हेतु प्रोत्साहित किया।"
द्वितीय दिन: सेरेमोनियल परेड और पुलिस लाइन का भ्रमण
निरीक्षण के दूसरे दिन पुलिस लाईन बारां में सेरेमोनियल परेड की सलामी ली गई, जिसका नेतृत्व स्वयं पुलिस अधीक्षक बारां ने किया। परेड के पश्चात महिला आत्म-रक्षा कौशल, क्राइम सीन (डेमो), जवानों की पीटी प्रदर्शन एवं बलवा परेड का डेमो दिया गया। इसके पश्चात पुलिस लाईन बारां की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण एवं रिकॉर्ड का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये गए। इसके बाद पुलिस लाईन बारां में अधिकारियों व जवानों की सम्पर्क सभा ली जाकर उनकी समस्याओं को सुना गया।
अपराध गोष्ठी और प्रभावी नियंत्रण के निर्देश
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में अपराध गोष्ठी ली गई, जिसमें जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकगण, वृताधिकारीगण व थानाधिकारीगण उपस्थित हुए। अपराध गोष्ठी में "हत्या, लूट, डकैती जैसे जघन्य एवं संगठित अपराधों की रोकथाम, महिलाओं, बच्चों व कमजोर वर्गों के विरूद्ध अपराधों का त्वरित अनुसंधान व प्रभावी नियंत्रण रखने" के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, अधिक दुर्घटना वाले ब्लैक स्पॉट को चिन्हित करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करने की बात कही गई।
सीमावर्ती सुरक्षा और अपराधियों पर नकेल
"बारां जिले की सीमाएँ मध्यप्रदेश के अन्य जिलों से लगने के कारण आर्म्स एक्ट व एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत अधिकाधिक कार्यवाही करने एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।" एडीजी ने हिस्ट्रीशीटर्स व हार्डकोर अपराधियों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करने एवं उनके विरूद्ध लम्बित प्रकरणों को केस ऑफिसर स्कीम में चयन कर सजायाब करवाने के निर्देश दिये। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने पुलिस नियंत्रण कक्ष व अभय कमाण्ड सेन्टर का निरीक्षण भी किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
