बारां/अटरू। विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत के अंतर्गत संचालित आदर्श विद्या मंदिर, अटरू में अखिल भारतीय सेवा संयोजक रामस्वरूप शर्मा का दो दिवसीय प्रवास संपन्न हुआ। इस दौरान विद्यालय के शैक्षणिक उन्नयन, प्रबंधन व्यवस्था, संस्कारित शिक्षा और विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर जोर दिया गया। प्रवास के दूसरे दिन कन्या भारती एवं बाल भारती का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ, जिसमें नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाकर मनोनयन पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ। प्रवास का मुख्य उद्देश्य विद्यालय को शैक्षणिक, सुसंस्कृत एवं प्रबंधकीय दृष्टि से सशक्त बनाना तथा भैया-बहिनों में नेतृत्व क्षमता का विकास करना रहा।

दूसरे दिन आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कन्या भारती की अध्यक्षा बहिन तुलसी शर्मा और बाल भारती के अध्यक्ष भैया तनिष्क मीणा को विद्यालय के पदाधिकारियों ने औपचारिक रूप से शपथ दिलाई। इसके साथ ही दोनों को मनोनयन पत्र प्रदान किए गए। नए पदाधिकारियों के मनोनयन से छात्र-छात्राओं में उत्साह देखा गया।

रामस्वरूप शर्मा के आगमन पर अतिथ्य व्यवस्था के तहत आवास और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई। यह व्यवस्था प्रबंध समिति के सचिव घांसी लाल मेघवाल के सान्निध्य में रही।

प्रवास के दौरान प्रबंध समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय के आगामी विकास कार्यों और शैक्षणिक उन्नयन पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। बैठक में अध्यक्ष अतुल पारीक, कोषाध्यक्ष प्रमोद शर्मा, संरक्षक मोहन लाल टेलर, उपाध्यक्ष बृजमोहन सोनी, सदस्य बालचंद पारेता, सदस्य रामराज वैष्णव और सदस्य बद्री लाल नागर उपस्थित रहे। विद्या भारती के जिला संस्कार एवं शिशु वाटिका प्रमुख गिरिराज वर्मा की विशेष उपस्थिति भी रही।

प्रातःकालीन वंदना दर्शन के दौरान रामस्वरूप शर्मा ने भैया-बहिनों के साथ सहभागिता की और उन्हें मार्गदर्शन दिया। डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर उनके जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए विद्यार्थियों को देशसेवा, अनुशासन और उच्च लक्ष्य निर्धारित करने के प्रति जागरूक किया गया।

कक्षा नायकों और छात्र प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में विद्यालय की व्यवस्थाओं तथा अनुशासन से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। वहीं, आचार्य बैठक में शैक्षणिक और गुणात्मक विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। आचार्य परिवार, प्रबंध समिति के सदस्यों और अभिभावकों के साथ संयुक्त संवाद बैठक भी आयोजित की गई। इसमें विद्यालय के चहुंमुखी विकास के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए और महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए गए।

प्रवास के दौरान विद्यालय की कक्षाओं का सघन अवलोकन किया गया। इस क्रम में शैक्षणिक व्यवस्थाओं और शिक्षण स्तर की समीक्षा की गई। विद्यालय के विकास और शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के गायन के साथ हुआ। दोपहर के सत्र में अतिथि को आत्मीय विदाई दी गई। दो दिवसीय प्रवास से विद्यालय परिवार, प्रबंध समिति, आचार्यों और भैया-बहिनों में विद्यालय के विकास के प्रति नई ऊर्जा, प्रेरणा और सकारात्मकता का संचार हुआ।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सत्यनारायण पांचाल ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से भैया-बहिनों के सर्वांगीण विकास और संस्कारित शिक्षा को नई दिशा मिलती है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story