बारां/देवरी शाहाबाद। आदर्श शिशु वाटिका देवरी शाहाबाद में रविवार को आचार्य-अभिभावक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय और अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद एवं समन्वय के माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षणिक, नैतिक, सामाजिक एवं संस्कारात्मक विकास को गति देने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजकुमार मेहता एवं प्रधानाचार्य रामनरेश योगी ने उपस्थित अभिभावकों को विद्या भारती की शिक्षा पद्धति तथा विद्यालय की गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।

संवाद कार्यक्रम के दौरान आचार्यों ने प्रत्येक विद्यार्थी की प्रगति से संबंधित आवश्यक जानकारी अभिभावकों के साथ साझा की। साथ ही विद्यालय के शैक्षणिक एवं भौतिक विकास को लेकर अभिभावकों से सुझाव भी लिए गए। अभिभावकों ने विद्यालय की गतिविधियों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय के साथ निरंतर सहयोग एवं सहभागिता का विश्वास दिलाया।

विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष राजकुमार पारेता ने कहा कि बच्चे के विकास में विद्यालय और परिवार दोनों की समान भूमिका होती है। जब आचार्य और अभिभावक नियमित संवाद एवं समन्वय के साथ कार्य करते हैं, तब विद्यार्थी के व्यक्तित्व का शैक्षणिक, बौद्धिक, शारीरिक, नैतिक एवं संस्कारात्मक रूप से समग्र विकास संभव होता है।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद स्थापित कर विद्यार्थियों के शैक्षणिक, नैतिक, सामाजिक एवं संस्कारात्मक विकास को गति प्रदान करना रहा। इस संवाद के माध्यम से विद्यालय और परिवार के बीच सहभागिता को विद्यार्थियों के विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story