राजस्थान सीनियर शतरंज प्रतियोगिता: बारां के आहान पौराणिक बने अंडर-9 चैंपियन
कोटा में आयोजित राज्यस्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में बारां के आहान पौराणिक ने अंडर-9 वर्ग में शीर्ष स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।

कोटा में आयोजित राज्यस्तरीय राजस्थान सीनियर फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता के समापन पर अंडर-9 वर्ग के विजेता आहान पौराणिक को प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित करते अतिथि।
कोटा जिला शतरंज संघ की ओर से कोटा के एक रिसॉर्ट में आयोजित राज्यस्तरीय राजस्थान सीनियर फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता में बारां के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आहान पौराणिक ने अंडर-9 वर्ग में शीर्ष स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। प्रदेशभर से पहुंचे 224 दिग्गज और नवोदित खिलाड़ियों के बीच आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष राजेश बिडला तथा विशिष्ट अतिथि ईश्वर शर्मा रहे। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि कोटा शहर में पहली बार इस प्रकार की उच्च स्तरीय और प्रतिष्ठित शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रेम भाटिया ने प्रतियोगिता को खेल जगत के लिए स्वर्णिम अवसर बताया।
प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक निलेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में 7 वर्ष से लेकर 70 वर्ष तक के खिलाड़ियों ने एक ही मंच पर प्रतिस्पर्धा की। प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर के 1500 से अधिक रेटिंग प्राप्त 72 खिलाड़ियों ने भी भाग लिया, जिससे मुकाबले अत्यंत रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक रहे।
बारां के आहान पौराणिक ने अंडर-9 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया और पुरस्कृत किए गए। आहान इससे पूर्व भी कई प्रतियोगिताओं में अव्वल रह चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि पर उनके दादा एवं प्रतिष्ठित व्यापारी कमलेश पौराणिक, पिता ईशु पौराणिक, राकेश पौराणिक, भारत तिब्बत सहयोग मंच के प्रांतीय प्रचार प्रमुख राजेंद्र शर्मा, बारां व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश बाटा, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के जिलाध्यक्ष हरिओम अग्रवाल, सचिव जगदीश शर्मा, उपाध्यक्ष संजय शर्मा, महेंद्र शर्मा कस्तूरी, भोलेनाथ ग्रुप के आनंद बंसल, दिनेश बंसल, भानु पोरवाल, एडवोकेट सुरेश शर्मा, नरेश सोमानी, हेमंत गुप्ता, राजेंद्र पंडित, दिलीप चौबे, दीपक कालरा, महेश बाबा सहित शतरंज खिलाड़ियों और गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
आहान पौराणिक की इस सफलता ने बारां जिले के युवा खिलाड़ियों में नया उत्साह पैदा किया है। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में हासिल यह उपलब्धि जिले की खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
