बारां। कला और संस्कृति के प्रति समर्पित आयोजनों में एक नई मिसाल पेश करते हुए, बारां में “सुरों का महा संगम” का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कैट वुमन एवं यूथ विंग, बारां के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस बहुप्रतीक्षित सांस्कृतिक प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें अध्यक्षा के रूप में उपस्थित माननीय एडिशनल एसपी राजेश चौधरी और जयपुर से पधारे केट राजस्थान के जनरल सेक्रेटरी हेमंत प्रभाकर ने मुख्य अतिथियों की भूमिका निभाई। इस अवसर पर उपस्थित अन्य गणमान्य अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल नवोदित प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में कला, संस्कृति और सकारात्मक ऊर्जा को भी बढ़ावा देते हैं।

प्रतिभागियों की प्रस्तुति का मूल्यांकन प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल द्वारा किया गया, जिसमें जयपुर की बैनू प्रभाकर, कोटा के इंडियन आइडल फेम आकाश भट्ट और बारां के दीपक मेडलवाल शामिल थे। प्रतियोगिता दो वर्गों—जूनियर और सीनियर—में आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने सुर, लय और भाव–अभिव्यक्ति के माध्यम से उत्कृष्ट प्रस्तुतियाँ दीं।

प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹5000 नकद, ट्रॉफी, गिफ्ट हैम्पर और प्रमाण पत्र के रूप में प्रदान किया गया, जिसे जूनियर वर्ग में विजयलक्ष्मी रावल और सीनियर वर्ग में दिव्या शर्मा ने जीता। द्वितीय पुरस्कार ₹2500 नकद, ट्रॉफी, गिफ्ट हैम्पर और प्रमाण पत्र के साथ, जूनियर वर्ग में पृथ्वी सिंह और सीनियर वर्ग में जय प्रताप सिंह हाड़ा को प्रदान किया गया। वहीं, तृतीय पुरस्कार ₹1100 नकद, ट्रॉफी, गिफ्ट हैम्पर और प्रमाण पत्र के रूप में नव्यांश गौतम (जूनियर) और लवली चोरसिया (सीनियर) को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त दोनों वर्गों के अन्य प्रतिभागियों को भी आकर्षक प्रोत्साहन पुरस्कार, प्रमाण पत्र और सम्मान प्रदान किए गए।

विशेष रूप से, जूनियर ग्रुप के हार्दिक टोंग्या, पाखी जैन, कृष्णा मीणा, प्रियांशी वर्मा, कन्या राठौड़ और नेहल शर्मा तथा सीनियर ग्रुप के प्रतीक खंडेलवाल, अभिषेक जांगिड़, आकांक्षा जैन, प्रीति सिंहल, प्रियांशु सिंह और सपना सक्सेना को विशिष्ट अतिथि हेमंत प्रभाकर द्वारा 500-500 रुपये का कैश प्राइज दिया गया।

कार्यक्रम की सफलता में वूमेन विंग एवं यूथ विंग के सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण रही। वूमेन विंग की अध्यक्षा चंदा ठाकुरिया और यूथ विंग के वाइस प्रेसिडेंट विभोर गेरा ने बताया कि सभी प्रस्तुतियों का मूल्यांकन पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से किया गया। कार्यक्रम प्रभारी ललिता टोंग्या और अनिता सेठी ने प्रतिभागियों, अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया, साथ ही इसे हाड़ौती क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान बनने वाला बताया।

आयोजन में सभी आगंतुकों और प्रतिभागियों के लिए चाय–नाश्ते की भी समुचित व्यवस्था की गई। वूमेन विंग कोषाध्यक्ष सुनीला अग्रवाल, सचिव चारु गुप्ता और यूथ विंग सचिव अंशुल राठौड़ ने जानकारी दी कि भविष्य में ऐसे आयोजन नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिल सके।

“सुरों का महा संगम” ने बारां में सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा दी और यह साबित किया कि उचित मंच, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलने पर प्रतिभा अपने आप पहचान बना लेती है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story