अंता/बारां। जिले में स्थायी वारंटी, उद्घोषित अपराधियों और ईनामी आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ने बड़ी सफलता हासिल की है। बारां के पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के निर्देशन में चली इस कार्रवाई में 25 वर्षों से फरार चल रहे 8,000 रुपये के ईनामी व उद्घोषित अपराधी राकेश उर्फ सरमा को गिरफ्तार कर पुलिस ने एक अहम उपलब्धि दर्ज की। इसी अभियान के दौरान न्यायालय द्वारा जारी चार स्थायी वारंटों में वांछित दो अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया गया।

जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी के सुपरवीजन और वृताधिकारी वृत अंता पुष्पेन्द्र आढा के नेतृत्व में अंता थाना प्रभारी भूपेश शर्मा की विशेष टीम लगातार सूचनाएं जुटाने और दबिश देने में जुटी हुई थी। टीम ने मेहनत और सुव्यवस्थित खुफिया कार्रवाई के बाद प्रकरण संख्या 381/2000, धारा 394, 34, 420 आईपीसी में वांछित 25 साल से फरार आरोपी राकेश उर्फ सरमा पुत्र पीदिया, जाति मामा भील, निवासी गेलर थाना कल्याणपुरा, हाल थाना कोतवाली झाबुआ, जिला झाबुआ (म.प्र.) को दबोच लिया। लंबे समय से फरारी काट रहा यह आरोपी जिला पुलिस की प्राथमिक सूची में शामिल था तथा उसकी गिरफ्तारी पर 8,000 रुपये का इनाम घोषित था।

इसी क्रम में पुलिस ने न्यायालय द्वारा जारी स्थायी वारंटों के तहत वांछित भूरा पुत्र रूमा, उम्र 50 वर्ष, निवासी गेलर बड़ी, थाना कोतवाली झाबुआ (म.प्र.) और जोगड़ा पुत्र कानजी, उम्र 45 वर्ष, निवासी बड़ी केदावत, थाना कोतवाली झाबुआ, हाल कुण्डला (म.प्र.) को भी गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ अदालत में लंबित मामलों के चलते स्थायी वारंट जारी किए गए थे।

पूरी कार्रवाई में अंता थाना प्रभारी भूपेश शर्मा के साथ कांस्टेबल ईश्वरमल और सौरभ आनंद की विशेष भूमिका रही। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर लगातार दबिश देते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून की गिरफ्त में ला खड़ा किया।

इस सफलता ने जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को नई गति दी है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में ऐसे और वांछित आरोपियों पर कार्रवाई तेज की जाएगी, ताकि कानून व्यवस्था को मजबूत रखते हुए जिले को अपराधमुक्त दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story