बारां गृह रक्षा स्वयंसेवक नामांकन और महिला खेल उत्सव की तैयारी शुरू
बारां में 16 मार्च से होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया, 8 मार्च को महिला खेल प्रतियोगिता और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन व शिविरों की तिथि घोषित।

बारां, 5 मार्च। राजस्थान के बारां जिले में आगामी दिनों में प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियों की धूम रहेगी, जिसमें गृह रक्षा स्वयंसेवकों की भर्ती से लेकर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन शामिल है। इसी के साथ समाज कल्याण विभाग और श्रम विभाग ने भी विभिन्न योजनाओं और छात्रवृत्ति प्रवृत्तियों के लिए समय सीमा निर्धारित कर शिविरों का आगाज कर दिया है।
गृह रक्षा स्वयंसेवकों की नामांकन प्रक्रिया 16 मार्च से शुरू
गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र बारां के अभ्यर्थियों की नामांकन प्रक्रिया वर्ष 2022 चार दिवसीय 16 से 19 मार्च 2026 तक गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र, कोटा में आयोजित की जाएगी। जो निदेशालय गृह रक्षा राजस्थान, जयपुर द्वारा गठित चयन समिति (बोर्ड) के सदस्यों द्वारा सम्पन्न की जाएगी। जिसमें केन्द्र, गण के समादेष्टा, गण समादेष्टा, गृह रक्षा महानिदेशक के प्रतिनिधि एवं जिला पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि सदस्य के रूप में उपस्थित रहेंगे। नामांकन प्रक्रिया में केन्द्र के 81 रिक्त पदों के विरुद्ध 6373 अभ्यर्थी भाग लेंगे। प्रक्रिया के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी को मोबाइल पर एसएमएस एवं ई-मेल द्वारा सूचना प्रेषित की जाएगी, तत्पश्चात अभ्यर्थी दिए गए लिंक अथवा विभागीय वेबसाइट http://home.rajasthan.gov.in/homeguards से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। गृह रक्षा स्वयंसेवकों की नामांकन प्रक्रिया लगभग तीन सप्ताह तक चलना सम्भावित है। जिसके लिए अलग-अलग जिलों में अभ्यर्थी को अलग-अलग समय पर उपस्थिति देने के लिए बुलाया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों से सम्बन्धित प्रवेश पत्र में वर्णित महत्वपूर्ण निर्देशों की पूर्ण पालना की जानी आवश्यक है।
गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र कमाण्डेन्ट सीमा पारीक ने बताया कि "अभ्यर्थी को निर्धारित समय, दिनांक एवं स्थान पर आवश्यक मूल दस्तावेजों यथा जिले का मूल निवास, आयु प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र, विशेष योग्यता प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, चिकित्सा प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र, पुलिस सत्यापन प्रमाण-पत्र एवं प्रवेश पत्र के साथ उपस्थित होना होगा।" नामांकन स्थल पर प्रवेश करने के पश्चात किसी भी अभ्यर्थी को ग्राउण्ड से बाहर जाकर कोई भी दस्तावेज लाए जाने की अनुमति नहीं होगी। सम्बन्धित अन्य जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नम्बर 07453-237037 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बारां में खेल प्रतियोगिताएं
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार माय भारत केंद्र, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया एवं जिला खेल अधिकारी कार्यालय के संयुक्त तत्वाधान में आगामी 8 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले में महिलाओं और छात्राओं के लिए जिला मुख्यालय पर स्थित खेल संकुल, कोटा रोड, बारां में एक खेल उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिताओं को तीन आयु श्रेणियों में बांटा गया है जिसमें 13 वर्ष से कम, 13 से 18 वर्ष तक और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की महिलाएं भाग ले सकेंगी। इसमें खेलो इण्डिया और अस्मिता इनिशिएटिव के तहत 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता तथा रस्साकसी (नॉन-कम्पिटेटिव) का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में सहभागिता के लिए भारत सरकार की माय भारत पोर्टल एवं एनएसआरएस पोर्टल पर महिलाओं और छात्राओं का पंजीकरण होना अनिवार्य है। कार्यक्रम से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए जिला माय भारत कार्यालय अथवा जिला खेल अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों में आक्षेप पूर्ति की अंतिम तिथि 15 मार्च
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा जिले में संचालित सभी कॉलेजों के संस्था प्रधानों तथा अध्ययनरत विद्यार्थियों के सत्र 2022-23, 2023-24 तथा 2024-25 के छात्रवृत्ति आवेदन किसी भी कारण से लंबित चल रहे है, उन विद्यार्थियों तथा संस्था प्रधानों को सूचित किया जाता है कि 15 मार्च 2026 से पूर्व लंबित आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही कर जिला कार्यालय समाज कल्याण विभाग में भिजवाया जाना सुनिश्चित करें। जिससे आवेदनों की जांच कर अग्रिम कार्यवाही की जा सके। जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी शुभम नागर ने बताया कि "नियत तिथि तक आवेदन नहीं भिजवाने पर निदेशालय स्तर से आवेदन निरस्तीकरण की कार्यवाही की जा सकती है जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबधित संस्था प्रधान तथा स्वयं विद्यार्थी की होगी।"
श्रमयोगी मानधन योजना के तहत ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर
केन्द्र सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की ओर से असंगठित श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने तथा प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना तथा एनपीएस ट्रेडर्स योजना में पात्र लाभार्थियों को शत प्रतिशत लाभान्वित करने के उद्देश्य से जिला परिषद द्वारा जिले में ग्राम पंचायत स्तर पर 15 मार्च तक विशेष पंजीकरण अभियान व शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरूवार को अंता में रातड़िया, बालाखेड़ा, अटरू में सहरोद, ढ़ोटी, छीपाबड़ौद में भावपुरा, बिलेण्ड़ी तथा किशनगंज में जलवाड़ा व खल्दा में प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के तहत शिविरों का आयोजन किया गया।
श्रम कल्याण अधिकारी गजराज राठौड़ ने बताया कि 6 मार्च को अंता में भौज्याखेड़ी, नागदा, अटरू में चरड़ाना मुण्डला, बिसौती, बारां में लिसाड़िया, सेमली, छबड़ा में पाली, फलिया, छीपाबड़ौद में पीथपुर, छीपाबड़ौद तथा किशनगंज में सिमलोद व छत्रगंज में प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के तहत शिविरों का आयोजन किया जाएगा। सभी पात्र श्रमिकों एवं लघु व्यापारियों से अपील की गई है कि वे ग्राम पंचायत में संपर्क कर पंजीकरण सुनिश्चित कर लाभ प्राप्त करें।
राजकीय आवासीय विद्यालय अटरू में प्रवेश प्रक्रिया शुरू
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा अटरू में संचालित राजकीय आवासीय विद्यालय में वर्ष 2026-27 के लिए कक्षा 6 से 12 तक के बालकों के प्रवेश के लिए 15 फरवरी 2026 से ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ की गई है। प्रधानाचार्य ने बताया कि "प्रवेश के लिए इच्छुक छात्र 31 मई तक ऑनलाइन आवेदन sso.rajasthan.gov.in पर नवीन प्रवेश पोर्टल एसआईएमएस के माध्यम से कर सकते है।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
