बड़ी सादड़ी नगरपालिका उपाध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस के रणजीत सिंह झाला ने भाजपा के सुधांशु वाजपेयी को एक मत से हराकर जीत दर्ज की। मतदान में रणजीत सिंह झाला को 13 मत, सुधांशु वाजपेयी को 11 मत और नोटा को 1 मत मिला। कुल 25 मतों की गणना के बाद निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा ने रणजीत सिंह झाला को विजयी घोषित कर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से अधिकृत प्रत्याशी रणजीत सिंह झाला ने नामांकन दाखिल किया था। वहीं भाजपा की ओर से सुधांशु वाजपेयी ने नामांकन प्रस्तुत किया। दोपहर बाद 3 बजे मतदान शुरू हुआ। 3 बजकर 45 मिनट पर सभी 25 मत पड़ जाने के बाद मतगणना की गई, जिसमें कांग्रेस के रणजीत सिंह झाला विजयी रहे।

परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया। कांग्रेसजनों ने विधानसभा प्रत्याशी बद्रीलाल जगपुरा को कंधों पर उठा लिया और जमकर नारेबाजी करते हुए आतिशबाजी की। इसके बाद नव निर्वाचित पालिकाध्यक्ष ममता मनोज बाबेल और उपाध्यक्ष रणजीत सिंह झाला को जुलूस के रूप में उनके घर तक पहुंचाया गया।

परिणाम की घोषणा के साथ ही लोगों ने नव निर्वाचित पालिकाध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी नव निर्वाचित कांग्रेस पार्षदों को फूल मालाओं से लाद दिया। नव निर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष ममता मनोज बाबेल को साफा बंधवाया गया। परिजनों ने पालिका के बाहर ही ठुमके लगाकर जीत की खुशी का इजहार किया।

इसके बाद विधानसभा प्रत्याशी बद्रीलाल जगपुरा के नेतृत्व में बड़ी सादड़ी नगर में सभी पार्षदों, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का भव्य ऐतिहासिक जुलूस निकाला गया। जुलूस का गली-गली और हर मोहल्ले में स्वागत किया गया।

जुलूस रावला चौक पहुंचा, जहां दोनों संतों राम द्वारा के अनतराम जी महाराज और गोपाल आश्रम के स्वामी सुदेशनाचार्य जी महाराज का सभी विजेताओं ने आशीर्वाद लिया। इसके बाद सभी विजेता राम रेवड़ियों में भी शामिल हुए। इस तरह नगरपालिका उपाध्यक्ष चुनाव में रणजीत सिंह झाला की जीत के बाद बड़ी सादड़ी में कांग्रेस समर्थकों ने जुलूस और स्वागत कार्यक्रम के साथ अपनी खुशी का इजहार किया।

Updated On
Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

नाम: प्रदीप वैष्णव

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील

अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)

परिचय 

प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।

बीट और विशेषज्ञता 

  • स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
  • क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
  • शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)

Next Story