सर्दियों में सुबह दिखने वाली धुंध कोहरा या स्मॉग हो सकती है, जिसमें प्रदूषक कण होने से आंखों में जलन और सांस की तकलीफ का खतरा रहता है।

सर्दियों की सुबह जब हम घर से बाहर कदम रखते हैं, तो अक्सर चारों तरफ धुंध की चादर फैली दिखती है। दूर की चीजें साफ दिखाई नहीं देतीं और सड़कों पर दृश्यता भी कम हो जाती है। आम तौर पर लोग ऐसी स्थिति को कोहरा मान लेते हैं, लेकिन हर बार यह कोहरा नहीं होता। कई बार यह स्मॉग भी हो सकता है, जो वायु प्रदूषण की वजह से बनता है। देखने में कोहरा और स्मॉग एक जैसे लग सकते हैं, मगर इनके बनने के कारण बिल्कुल अलग हैं। इसी फर्क को स्पष्ट करते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी है।

कोहरा और स्मॉग एक-दूसरे से अलग

मौसम विभाग के अनुसार, कोहरा और स्मॉग एक जैसे नहीं हैं। कोहरा मुख्य रूप से हवा में मौजूद पानी की बेहद छोटी-छोटी बूंदों से बनता है। इन्हीं सूक्ष्म बूंदों के कारण आसपास धुंध छाती है और देखने की क्षमता कम हो जाती है। सर्दियों के मौसम में जब तापमान गिरता है और नमी बढ़ती है, तब कोहरा अधिक दिखाई देता है।

क्या होता है दोनों में अंतर?

स्मॉग केवल पानी की बूंदों से नहीं बनता, बल्कि यह वायु प्रदूषण से जुड़ी स्थिति है। इसमें धुआं, धूल, धुंध और हवा में मौजूद अन्य प्रदूषक कण मिले होते हैं। वाहनों का धुआं, कारखानों से निकलने वाला उत्सर्जन, निर्माण कार्यों की धूल और प्रदूषण के अन्य माध्यम स्मॉग को बढ़ाने का काम करते हैं। सर्दियों के दिनों में स्मॉग की समस्या अधिक गंभीर रूप ले सकती है।

इन दोनों के बीच का अंतर जानना इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि स्मॉग में शामिल प्रदूषक कण हमारी सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसके असर से आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं हो सकती हैं। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।

इसलिए सुबह के समय बाहर धुंध दिखने पर इसे सिर्फ कोहरा मानकर हल्के में न लें। घर से निकलने से पहले वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) और मौसम से जुड़ी जानकारी अवश्य देखें। अगर प्रदूषण का स्तर अधिक हो, तो खुले स्थान पर ज्यादा समय बिताने से बचें और जरूरत पड़ने पर मास्क लगाएं।