मुजफ्फरनगर में रिलायंस स्मार्ट बाजार की चॉकलेट में मिले कीड़े, बच्चों की बिगड़ी तबीयत; स्टोर में हंगामा
मुजफ्फरनगर के रिलायंस स्मार्ट बाजार में खरीदी गई चॉकलेट में कीड़े मिलने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, चॉकलेट खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। दोबारा जांच में अन्य चॉकलेट में भी कीड़े मिलने का दावा किया गया।
तस्वीर में मुजफ्फरनगर के आदर्श कॉलोनी रिंग रोड स्थित रिलायंस स्मार्ट बाजार के बाहर चॉकलेट में कीड़े मिलने पर प्रदर्शन करते लोग और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी दिखाई दे रहे हैं।
मुजफ्फरनगर में रिलायंस स्मार्ट बाजार से खरीदी गई चॉकलेट में कीड़े मिलने का मामला सामने आने के बाद स्टोर में हंगामा हो गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि चॉकलेट खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। चॉकलेट खोलकर देखने पर उसमें कीड़े दिखाई दिए। इसके बाद दोबारा स्टोर पहुंचकर अन्य चॉकलेट की जांच कराई गई, जहां कई और चॉकलेट में भी कीड़े मिलने का दावा किया गया। आदर्श कॉलोनी रिंग रोड स्थित स्टोर की इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।
मामला शहर के नई मंडी थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता अमजद सैफी के अनुसार, उन्होंने रविवार शाम रिलायंस स्मार्ट बाजार से बच्चों के लिए चॉकलेट खरीदी थीं। रात में बच्चों ने चॉकलेट खाई तो उन्हें खांसी होने लगी और उनकी तबीयत बिगड़ गई। बच्चों की हालत देखकर परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद चॉकलेट को खोलकर देखा गया तो उसके अंदर कीड़े दिखाई दिए। यह देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए। उन्होंने बच्चों को बाकी चॉकलेट खाने से रोक दिया और चॉकलेट में कीड़े होने का वीडियो बना लिया।
अमजद सैफी ने बताया कि शिकायत लेकर वह सोमवार सुबह करीब 10 बजे अन्य लोगों के साथ दोबारा रिलायंस स्मार्ट बाजार पहुंचे। वहां स्टोर में मौजूद चॉकलेट के पैकेट और डिब्बियां खुलवाकर जांच कराई गई। शिकायतकर्ता का दावा है कि इस दौरान कई अन्य चॉकलेट में भी कीड़े दिखाई दिए। इसके बाद लोगों ने स्टोर में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनके भंडारण के तरीके पर सवाल उठाए। देखते ही देखते मौके पर हंगामा शुरू हो गया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, चॉकलेट खाने के बाद बच्चों की तबीयत अभी भी खराब है और वह उन्हें चिकित्सक के पास लेकर जा रहे हैं। उनका आरोप है कि इतनी गंभीर शिकायत के बावजूद स्टोर प्रबंधन की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। अमजद सैफी ने बताया कि उन्होंने मैनेजर से बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन मैनेजर नीचे आकर उनसे बात करने को तैयार नहीं हुए। इससे नाराज लोगों ने स्टोर प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामले में रिलायंस स्मार्ट बाजार के मैनेजर विवेक शर्मा से बातचीत की गई तो उन्होंने कोई भी बयान देने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि कंपनी की ओर से उन्हें इस मामले में बयान देने की अनुमति नहीं है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। खबर लिखे जाने तक स्टोर पर हंगामे की स्थिति बनी हुई थी।
चॉकलेट में कीड़े मिलने की शिकायत के बाद अब खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। संबंधित उत्पादों के नमूने लेकर प्रयोगशाला में उनकी जांच कराना जरूरी है। इसके साथ ही स्टोर में रखे अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, एक्सपायरी डेट और भंडारण की स्थिति की जांच भी आवश्यक है।
फिलहाल शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। विभागीय जांच के निष्कर्ष भी सामने नहीं आए हैं। यदि जांच में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से संबंधित गड़बड़ी प्रमाणित होती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो सकती है। बच्चों की तबीयत बिगड़ने की शिकायत के बाद अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। अब खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई और स्टोर में बिक रहे खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता की जांच पूरी होने का इंतजार है।