पाकिस्तान के कराची बंदरगाह पर 6 भारतीय नाविक 6 महीने से फंसे, भारत ने उठाया मामला
पाकिस्तान के कराची बंदरगाह पर छह भारतीय नाविक छह महीने से क्यों फंसे हैं? विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी पक्ष के सामने मामला उठाया है। वहीं, ईरान में फंसे अक्षय हरीश की भारत वापसी के लिए आपातकालीन यात्रा प्रमाणपत्र जारी किया गया है।
नई दिल्ली में साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कराची बंदरगाह पर फंसे छह भारतीय नाविकों और ईरान के चाबहार से अक्षय हरीश की वापसी की जानकारी दी।
पाकिस्तान के कराची बंदरगाह पर पिछले छह महीने से छह भारतीय नाविक फंसे हुए हैं। जहाज से उतरकर भारत लौटने का इंतजार कर रहे इन नाविकों का मामला अब भारत सरकार ने पाकिस्तानी अधिकारियों के समक्ष औपचारिक रूप से उठाया है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, नाविकों की रिहाई में देरी की मुख्य वजह रोजगार और चालक दल से जुड़ा विवाद है, जो जहाज के मालिक और कर्मचारियों के बीच चल रहा है। इस मामले का समाधान निकालने के लिए भारत सरकार नौवहन कंपनी, उसके एजेंट और संबंधित पक्षों के लगातार संपर्क में है।
नई दिल्ली में आयोजित विदेश मंत्रालय की साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि समुद्री नियमों के अनुसार, चालक दल के सदस्य तब तक जहाज नहीं छोड़ सकते, जब तक उनकी जगह दूसरी टीम नहीं पहुंच जाती। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मूल रूप से जहाज के मालिक और उस पर काम करने वाले कर्मचारियों के बीच का मामला है। कोई भी कर्मचारी अपनी मर्जी से जहाज छोड़कर नहीं जा सकता। इसके लिए पहले दूसरी टीम का जहाज पर पहुंचना जरूरी है।
जायसवाल ने कहा कि भारत सरकार इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और संबंधित पक्षों के साथ बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास कर रही है। पाकिस्तान के साथ राजनयिक स्तर पर बातचीत शुरू की गई है। इसके अलावा संबंधित नौवहन कंपनी से भी सीधे संपर्क किया गया है। भारत वहां फंसे नाविकों, उनके नियोक्ता और कंपनी के एजेंट के संपर्क में है। इस मुद्दे को पाकिस्तानी पक्ष के सामने औपचारिक रूप से उठाया जा चुका है। हालांकि, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने दोहराया कि विवाद मूल रूप से शिपिंग कंपनी और उसके कर्मचारियों के बीच का व्यावसायिक मामला है।
इसी बीच विदेश मंत्रालय ने ईरान के चाबहार बंदरगाह पर फंसे भारतीय नाविक अक्षय हरीश की भारत वापसी को लेकर भी जानकारी दी। अक्षय के पास पासपोर्ट और यात्रा से संबंधित जरूरी दस्तावेज नहीं होने के कारण उनकी वापसी में परेशानी आ रही थी। अब उनके लिए आपातकालीन यात्रा प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया है, जिससे भारत लौटने का रास्ता साफ हो गया है। अक्षय केरलम के कोल्लम जिले के प्रक्कुलम के निवासी हैं। जहाज से जुड़ी कई समस्याओं, क्षेत्रीय संघर्ष और आवश्यक दस्तावेजों की कमी के कारण वह ईरान में फंस गए थे।
अक्षय की सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि उन्होंने 9 नवंबर को भारतीय मिशन से संपर्क किया था। इसके बाद तेहरान स्थित भारतीय दूतावास और बंदर अब्बास स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने तत्काल उनकी सहायता के लिए कदम उठाए। भारतीय अधिकारियों ने अक्षय हरीश से संपर्क कर उनकी मदद की और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आपातकालीन यात्रा प्रमाणपत्र जारी कर दिया।
जायसवाल ने कहा कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा और उनका कल्याण सरकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि अक्षय ने आपातकालीन प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था, जिसे अब जारी कर दिया गया है। इसके बाद वह घर लौटने के लिए तैयार हैं। विदेश मंत्रालय का प्रयास है कि अक्षय जल्द से जल्द केरलम और भारत पहुंच सकें। इस संबंध में उनके नियोक्ता से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है।
अक्षय की समुद्री यात्रा की शुरुआत 5 दिसंबर 2025 को हुई थी। उन्होंने पलक्कड़ की एक भर्ती एजेंसी के माध्यम से शिपिंग कंपनी में नौकरी शुरू की थी। शुरुआत में वह जापान से एक जहाज पर सवार हुए थे। परिवार के मुताबिक, अक्षय को उम्मीद थी कि उन्हें करीब 35 दिनों तक जहाज पर काम करना होगा। इस दौरान संपर्क की सुविधा भी उपलब्ध नहीं रहने वाली थी।
हालांकि, करीब 35-36 दिन बाद जब जहाज ईरान के एक बंदरगाह पर पहुंचा, तो चालक दल ने दुबई की ओर अपनी पहली समुद्री यात्रा की तैयारी शुरू कर दी। इसी दौरान ईरान में युद्ध शुरू हो गया, जिसके बाद अक्षय की मुश्किलें बढ़ गईं।
परिवार के अनुसार, चावल पहुंचाने के लिए पाकिस्तान की पहली समुद्री यात्रा बिना किसी परेशानी के पूरी हो गई थी, लेकिन दूसरी यात्रा के दौरान कानूनी और प्रशासनिक समस्याएं सामने आईं। पाकिस्तान के बंदरगाह अधिकारियों ने केबिन क्रू, मुख्य इंजीनियर और कप्तान के पासपोर्ट जब्त कर लिए। इसके साथ ही उनके कंटीन्यूअस डिस्चार्ज सर्टिफिकेट (सीडीसी) भी अपने कब्जे में ले लिए गए। अधिकारियों ने कप्तान के प्रमाणपत्रों में कुछ कमियां बताते हुए यह कार्रवाई की थी। इसके अलावा भारी जुर्माना भी लगाया गया।
बेटे के अनिश्चित समय तक विदेश में फंसे रहने की आशंका से चिंतित अक्षय की मां ने स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के नेताओं से मदद की गुहार लगाई। इस मामले में विधायक और मंत्री बिंदु कृष्णा ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने केरलम के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन, केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर, दिल्ली में केरलम के विशेष प्रतिनिधि और ईरान स्थित भारतीय दूतावास को सीधे पत्र लिखकर सहायता मांगी। इसके अलावा सांसद कोडिकुन्निल सुरेश और केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी के समक्ष भी शिकायतें रखी गईं।
कराची बंदरगाह पर छह भारतीय नाविकों की वापसी का मामला फिलहाल जहाज के मालिक और कर्मचारियों के बीच चल रहे विवाद के समाधान तथा दूसरी चालक दल की टीम की व्यवस्था पर निर्भर है। वहीं, ईरान के चाबहार बंदरगाह पर फंसे अक्षय हरीश को आपातकालीन यात्रा प्रमाणपत्र जारी होने के बाद भारत लौटने की प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता मिल गया है।