हापुड़ में त्योहारों से पहले पुलिस अलर्ट, SP अभिषेक वर्मा ने सर्राफा बाजार में किया फ्लैग मार्च
हापुड़ में आगामी त्योहारों को देखते हुए SP अभिषेक वर्मा ने भारी पुलिस बल के साथ सर्राफा बाजार में फ्लैग मार्च किया। व्यापारियों को CCTV कैमरे 24 घंटे चालू रखने और संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए।
हापुड़ में आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस अधीक्षक ने सर्राफा बाजार में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और शांति व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने भारी पुलिस बल के साथ थाना हापुड़ नगर क्षेत्र के व्यस्त सर्राफा बाजार में औचक पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और व्यापारियों व आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पैदल गश्त का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना और असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना रहा।
गश्त के दौरान एसपी अभिषेक वर्मा ने सर्राफा बाजार के प्रमुख व्यापारियों और दुकानदारों से बातचीत कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों और दुकानों के अंदर व बाहर अधिक से अधिक संख्या में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की। साथ ही सभी कैमरों को 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए, ताकि बाजार और दुकानों में होने वाली प्रत्येक गतिविधि पर निगरानी रखी जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों से कहा कि बाजार में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु के दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें। त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ को देखते हुए उन्होंने सुरक्षा इंतजामों को मजबूत रखने पर जोर दिया।
इस पैदल गश्त में थाना हापुड़ नगर पुलिस सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान हुड़दंग करने वालों, सट्टेबाजों और शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, बाजार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुलिस की इस सुरक्षा पहल की सराहना की और पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। पुलिस की इस गश्त और व्यापारियों के साथ संवाद के जरिए त्योहारों के दौरान सर्राफा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया गया है।