हापुड़ में गोकशी का खुलासा, हिस्ट्रीशीटर रोहिल समेत 2 आरोपी गिरफ्तार, असलहा और बाइक बरामद
हापुड़ के बहादुरगढ़ में पुलिस ने गोकशी की घटना का खुलासा कर हिस्ट्रीशीटर रोहिल समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से दो तमंचे, चार कारतूस, गोकशी के उपकरण और पल्सर बाइक बरामद हुई है।
हापुड़ की बहादुरगढ़ थाना पुलिस ने गोकशी के मामले में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
हापुड़ में गोकशी की घटना का खुलासा करते हुए बहादुरगढ़ थाना पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान मोहम्मदपुर रुस्तमपुर तिराहे के पास दोनों को दबोचा। आरोपियों के कब्जे से 750 रुपये नगद, दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
जनपद में अपराध नियंत्रण और अवैध पशु कटान करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहादुरगढ़ थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान मोहम्मदपुर रुस्तमपुर तिराहे के पास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान रोहिल पुत्र कमरुद्दीन कुरैशी निवासी ग्राम अल्लाबख्शपुर, थाना गढ़मुक्तेश्वर, जनपद हापुड़ और कैफ पुत्र गफ्फार निवासी ग्राम रघुपूरा, थाना सिम्भावली, जनपद हापुड़ के रूप में हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल रोहिल गढ़मुक्तेश्वर थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसका हिस्ट्रीशीट नंबर एचएस 29ए है। पुलिस ने उसके कब्जे से मु0अ0सं0 189/26 की धारा 303(2)/317(2) बीएनएस से संबंधित 750 रुपये नगद बरामद किए हैं। इसके अलावा दोनों आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, एक छुरी, रस्सी और लकड़ी का गिट्टा मिला है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर DL 6S AJ 3335 है।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी रोहिल का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ जनपद हापुड़ और अमरोहा के विभिन्न थानों में गोकशी, चोरी, लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत करीब डेढ़ दर्जन यानी 17 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी कैफ के खिलाफ भी पहले से करीब छह आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।
इस कार्रवाई को बहादुरगढ़ थाना पुलिस टीम ने अंजाम दिया। टीम में थानाध्यक्ष और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध असलाह व गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की बरामदगी को पुलिस की अपराध नियंत्रण अभियान के तहत महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।