हापुड़ में घरेलू कलह से परेशान युवक ने ब्रजघाट गंगा पुल से लगाई छलांग, गोताखोरों ने बचाई जान
हापुड़ के ब्रजघाट गंगा पुल पर घरेलू कलह से परेशान अमरोहा के सादात नगर निवासी युवक ने उफनती गंगा में छलांग लगा दी। घटना के बाद घाट पर मची अफरा-तफरी के बीच स्थानीय गोताखोरों और नाविकों ने रेस्क्यू अभियान चलाया।
गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट में गंगा पुल से छलांग लगाने वाले युवक को गोताखोरों ने सुरक्षित बचाया।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल ब्रजघाट में शनिवार को घरेलू कलह से परेशान एक युवक ने गंगा पुल से नदी में छलांग लगा दी। युवक को पुल से उफनती गंगा में कूदता देख घाट पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, मौके पर मौजूद स्थानीय गोताखोरों और नाविकों की तत्परता से युवक की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, अमरोहा के सादात नगर निवासी युवक घरेलू विवादों से परेशान था। मानसिक तनाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला किया और ब्रजघाट पहुंच गया। यहां उसने गंगा पुल की रेलिंग से सीधे नदी में छलांग लगा दी। युवक को पानी में गिरते देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
गंगा की तेज धारा में युवक डूबने लगा तो घाट पर मौजूद स्थानीय नाविक और गोताखोर तुरंत बचाव के लिए सक्रिय हो गए। गोताखोर राजमल केवट, दीप चंद केवट और मोहन केवट ने नाविकों के साथ मिलकर बिना देरी किए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। गोताखोरों ने अपनी जान की परवाह किए बिना गंगा में छलांग लगाई और डूब रहे युवक को पानी की गहराई से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
युवक को सकुशल बाहर निकालने के बाद घटना की सूचना ब्रजघाट पुलिस चौकी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक से पूछताछ की। इसके साथ ही पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया। घटना की जानकारी मिलने पर युवक के बदहवास परिजन भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस ने युवक और उसके परिवार के सदस्यों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। वहीं, स्थानीय लोगों ने युवक की जान बचाने वाले गोताखोर राजमल केवट, दीप चंद केवट और मोहन केवट की तत्परता की सराहना की। समय रहते चलाए गए बचाव अभियान के चलते गंगा की तेज धारा में डूब रहे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।