तस्वीर में मृतक संजय सक्सेना दिखाई दे रहे हैं, जिनकी बरेली के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में रामलीला से लौटते समय पुरानी रंजिश के चलते सपा नेता अक्षय और उसके साथियों द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है।

बरेली के सुभाष नगर थाना क्षेत्र स्थित शांति विहार में रामलीला मेला देखकर लौट रहे 28 वर्षीय संजय सक्सेना की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने मोहल्ले के कथित सपा नेता अक्षय और उसके साथियों पर नल के हत्थे, लाठी-डंडों और तमंचे की बट से हमला करने का आरोप लगाया है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

मृतक के भाई विजय सक्सेना और बहन मीना के मुताबिक, संजय मूल रूप से फतेहगंज पश्चिमी का रहने वाला था। वह तीन साल पहले तक शांति विहार में किराए के मकान में रहता था। इसके बाद वह नोएडा चला गया, जहां पिछले तीन साल से कैब चलाकर अपना जीवनयापन कर रहा था। दो दिन पहले ही संजय अपनी बहन मीना के घर शांति विहार आया था।

परिजनों ने बताया कि करीब पांच महीने पहले मोहल्ले में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान संजय का कथित सपा नेता अक्षय और उसके साथियों से विवाद हो गया था। आरोप है कि उस समय अक्षय ने अपने साथियों के साथ मिलकर संजय के मकान पर फायरिंग भी की थी। उस दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया था और दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि अक्षय इस विवाद को लेकर रंजिश पाले हुए था।

बुधवार रात संजय अपने दोस्त मोनू के साथ मढ़ीनाथ की रामलीला देखने गया था। देर रात दोनों रामलीला देखकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कथित सपा नेता अक्षय और उसके साथियों ने उन्हें घेर लिया। परिजनों के अनुसार, हमलावरों में आकाश, विकास, सरवन, आशीष और रंजीत समेत करीब एक दर्जन युवक शामिल थे। आरोपियों ने दोनों पर हमला कर दिया। इस दौरान मोनू किसी तरह मौके से भागने में सफल रहा, जबकि हमलावरों ने संजय को पकड़ लिया।

संजय के भाई विजय सक्सेना का आरोप है कि सभी हमलावरों ने नल के हत्थे, डंडों और तमंचे की बट से संजय को बेरहमी से पीटा। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे तथा संजय को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

संजय की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के पीछे पत्नी रोशनी और दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को सौंप दी है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुरानी रंजिश से जुड़े इस मामले में अब पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर नजर बनी हुई है।

Tags: