दिख रही पुलिस टीम ने अंबेडकरनगर में स्मैक तस्करी के आरोप में दो युवकों को पकड़ा.   

अंबेडकरनगर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हंसवर थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 715 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी सीज कर दी है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक अंबेडकरनगर प्राची सिंह के निर्देशन में सोमवार को उपनिरीक्षक रवि यादव अपनी टीम के साथ सिंहपुर चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक नशीला पदार्थ लेकर आ रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उनकी पहचान नवी अहमद (33) और कमर हयात उर्फ लल्लू (25) के रूप में हुई। दोनों आरोपी जलालपुर थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव के निवासी हैं।

नायब तहसीलदार टांडा की मौजूदगी में आरोपियों की तलाशी ली गई। इस दौरान नवी अहमद के कब्जे से 310 ग्राम और कमर हयात के पास से 405 ग्राम स्मैक बरामद हुई। दोनों के पास से बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 715 ग्राम है।

पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही आरोपियों की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी कब्जे में लेकर सीज कर दी। मामले में हंसवर थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है। इस कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थ की बरामदगी के साथ तस्करी में प्रयुक्त वाहन पर भी पुलिस ने कार्रवाई की है।