राजस्थान: झाड़ोल में ससुराल से जेवरात चोरी करने वाला दामाद गिरफ्तार
उदयपुर जिले के झाड़ोल थाना क्षेत्र में दामाद ने अपने ही ससुराल से सोने-चांदी के गहने चुराए, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
झाड़ोल थाने में पुलिस टीम के साथ गिरफ्तार किया गया आरोपी अरविंद (बैठा हुआ) जिसे ससुराल से चोरी करने के आरोप में पकड़ा गया है।
झाड़ोल। रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करते हुए एक दामाद द्वारा अपने ही ससुराल से सोने-चांदी के गहने चोरी करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। थाना झाड़ोल क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के अनुसार, श्रीमती लीला पत्नी लक्ष्मण भगोरा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने भाई के बच्चे की ढूँढ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने पीहर ढुंढकिया आई हुई थीं। इस दौरान उन्होंने अपने जेवरात, जिनमें चाँदी का एक कन्दोरा, चाँदी के पैर की छः बीछिया एवं कान की सोने की दो टोकरीयाँ शामिल थीं, अपने पिताजी के घर पर रखी थीं। अगले दिन जब उन्होंने अपने जेवरात संभाले तो वे वहां से गायब मिले।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 100/2026 धारा 303 (2) बी.एन.एस. 2023 के तहत मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए। निर्देशानुसार श्रीमती अंजना सुखवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाडा एवं श्री विवेक सिंह, वृताधिकारी झाड़ोल के सुपरविजन में झाड़ोल थानाधिकारी श्री फैलीराम मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने प्रार्थिया लीला देवी, गवाह श्री रूपलाल और श्रीमती सुन्दर बाई के बयान दर्ज किए तथा प्रार्थिया की निशानदेही पर घटनास्थल का निरीक्षण किया। गहन अनुसंधान और पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि चोरी की इस वारदात को प्रार्थिया की छोटी बहन प्रियंका के पति अरविंद (20) पुत्र बंशीलाल खराड़ी, निवासी निचली सिगरी, थाना फलासिया ने अंजाम दिया था। पुलिस ने अभियुक्त अरविंद को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और उससे गहनों की बरामदगी के लिए अग्रिम अनुसंधान जारी है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी श्री फैलीराम मीणा, सहायक उप निरीक्षक श्री कमल कुमार, कानिस्टेबल श्री बालकृष्ण (3196), महिला कानिस्टेबल श्रीमती सविता रायणिया (3353) एवं चालक कानिस्टेबल श्री उमेश कुमार (2596) शामिल थे।