फतहनगर। मावली उपखण्ड के दोनों शैक्षिक ब्लॉक मावली एवं घासा की संयुक्त जुलाई माह की समीक्षा एवं नियोजन बैठक मावली पंचायत समिति परिसर स्थित हॉल में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता उपखण्ड अधिकारी रमेश सिरवी पुनाड़िया ने की, जिसमें जुलाई माह की शैक्षिक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि जुलाई माह के दौरान विद्यालयों का समिति द्वारा भौतिक सत्यापन किया गया। नवीन शैक्षिक सत्र को ध्यान में रखते हुए सभी विद्यालयों को 10 प्रतिशत नामांकन लक्ष्य बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही शाला दर्पण पोर्टल पर कार्मिकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति नियमित रूप से अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान एमडीएम, यू-डाइस, ड्रॉप आउट विद्यार्थियों, शाला दर्पण रैंकिंग, राजसिम्मस पोर्टल एवं शाला दर्पण पोर्टल पर नवीन पैरामीटर, ईएलसी क्लब, आधार-जन आधार ऑथेंटिकेशन, इंसपायर अवॉर्ड, छात्रवृत्ति, नए शैक्षिक सत्र के व्यापक प्रचार-प्रसार, जर्जर भवनों, सुरक्षा ऑडिट, पूरक परीक्षा एवं पाठ्यक्रम, ज्ञान संकल्प पोर्टल, विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, लंबित अनुकम्पा नियुक्ति प्रकरणों के निस्तारण, लेखाशाखा से संबंधित विषयों, सीडब्ल्यूएसएन से जुड़ी समस्त गतिविधियों, वृक्षारोपण कार्यक्रम, शाला संबलन टिकट निस्तारण, पिंक एवं ब्लू टेबलेट की पोर्टल पर प्रविष्टि, शिक्षक प्रशिक्षण, भामाशाहों से संपर्क कर विद्यालयों का विकास कराने तथा साइकिल वितरण से संबंधित जानकारी पर गहनता से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान ब्लॉक कार्यालय तथा पीईईओ एवं यूसीईईओ में नवीन पदस्थापित कर्मचारियों और अधिकारियों का तिलक लगाकर एवं उपरणा ओढ़ाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। वहीं ब्लॉक कार्यालय मावली से पदोन्नत लेखाधिकारी आशीष कुमावत का भी तिलक लगाकर, उपरणा ओढ़ाकर तथा मेवाड़ी पाघ पहनाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।

बैठक में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुख लाल गुर्जर, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रिपुदमन सिंह उज्जवल, पंकज जोशी, लक्ष्मी लाल जाट, लेखाधिकारी आशीष कुमावत, शिक्षक शांति लाल मीणा, विनोद पुरी गौस्वामी, साक्षरता ब्लॉक समन्वयक शंकर लाल जाट, कमलेश त्रिवेदी, प्रशासनिक अधिकारी रूप किशोर गुप्ता, कैलाश प्रजापत सहित कार्यालय स्टाफ तथा दोनों शैक्षिक ब्लॉकों के पीईईओ, यूसीईईओ और प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। बैठक में नए शैक्षिक सत्र के प्रभावी संचालन, शैक्षिक गुणवत्ता और विद्यालयों के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story