खेरवाड़ा चोरी प्रकरण में न्याय की मांग तेज, पीड़ित परिवार और समाज ने उठाई आवाज

खेरवाड़ा चोरी प्रकरण में पीड़ित परिवार और समाजजनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से न्याय की मांग तेज कर दी है। 12 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं होने के आरोपों के बीच प्रशासन से शीघ्र खुलासे और गिरफ्तारी की अपील की जा रही है।

Update: 2026-07-14 11:17 GMT

खेरवाड़ा में हुई चर्चित चोरी की घटना को लेकर पीड़ित परिवार एवं समाजजनों में आक्रोश लगातार बना हुआ है। मामले में न्याय की मांग को लेकर परिजनों और समाज के लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से आवाज उठाते हुए आमजन और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील की है।

घटना के संबंध में सोशल मीडिया पर व्यापक स्तर पर पोस्ट एवं पेम्पलेट साझा किए जा रहे हैं। प्रसारित पेम्पलेट के अनुसार, पीड़ित परिवार का कहना है कि चोरी की घटना में बेटियों के विवाह के लिए वर्षों से संजोकर रखा गया सोना, चांदी एवं अन्य कीमती सामान चोरी हो गया।

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि शिकायत दर्ज कराने के 12 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसके चलते परिवार स्वयं को असहाय महसूस कर रहा है और मामले में जल्द न्याय की उम्मीद लगाए हुए है।

परिजनों एवं समाज के लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रशासन से चोरी प्रकरण का शीघ्र खुलासा करने, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। साथ ही आमजन से भी इस आवाज का समर्थन करने और न्याय की मांग में सहभागी बनने की अपील की गई है।

समाजजनों का कहना है कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।

Tags:    

Similar News