तस्वीर में खेरवाड़ा के भाणदा गांव में दीपावली पर सामाजिक समरसता के लिए एकत्र ग्रामीण नजर आ रहे हैं।

खेरवाड़ा तहसील क्षेत्र के भाणदा गांव में दीपावली का पर्व वर्षों पुरानी परंपराओं और लोक संस्कृति के अनुरूप अनूठे अंदाज में मनाया जाता है। यहां दीपोत्सव केवल रोशनी और खुशियों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने का अवसर भी है। पारंपरिक रावणा, हीड़ा गायन और उजनी कार्यक्रम इस आयोजन के प्रमुख आकर्षण हैं।

दीपावली के अवसर पर आयोजित रावणा में गांव एवं भाटकी के पंच, मौतबीर और ग्रामीण एकत्रित होकर सामाजिक एकजुटता और सद्भाव का संदेश देते हैं। परंपरा के अनुसार गांव एवं भाटकी के पंच-मौतबीर गोटी अजीत जैन के निवास पर पहुंचते हैं, जहां सभी एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हैं। इस दौरान भाटकी गांव की अलग-अलग टीमें पारंपरिक लोकगीत 'हीड़ा' का सस्वर गायन करती हैं। क्षेत्र का यह प्राचीन लोकगीत पीढ़ियों से लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए हुए है। हीड़ा गायन के माध्यम से ग्रामीण अपनी सांस्कृतिक विरासत और लोकजीवन की झलक प्रस्तुत करते हैं।

इसके बाद गांव एवं भाटकी के सभी लोग गोटी अजीत जैन के नेतृत्व में मुख्य चौराहे पर एकत्रित होते हैं। यहां ग्रामीण एक-दूसरे के गले मिलकर दीपावली की बधाइयां देते हैं। इस आयोजन की एक महत्वपूर्ण सामाजिक परंपरा भी है। गांव में होली के बाद से दीपावली के बीच जिन परिवारों में किसी सदस्य का निधन हुआ होता है, वहां सभी पंच और ग्रामीण सामूहिक रूप से पहुंचते हैं। शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना देने के साथ उन्हें दीपावली के सामूहिक आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाता है। इस परंपरा के माध्यम से गांव के लोग सुख-दुख में एक-दूसरे के साथ खड़े रहने की भावना को निभाते हैं।

इसके पश्चात सभी ग्रामीण सुथारवाड़ा में एकत्रित होते हैं, जहां अगले दिन आयोजित होने वाले उजनी कार्यक्रम की रूपरेखा तय की जाती है। उजनी के तहत गांव से दूर भैरव तालाब पर सभी समाजजन एकत्रित होकर सामूहिक उत्सव मनाते हैं। इस अवसर पर भव्य आतिशबाजी भी की जाती है।

भाणदा गांव की दीपावली में रावणा, हीड़ा गायन, सामूहिक मिलन, शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना और उजनी जैसी परंपराएं विशेष महत्व रखती हैं। आधुनिकता के दौर में भी ग्रामीणों द्वारा इन परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी निभाया जाना गांव की समृद्ध लोक संस्कृति, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की पहचान बना हुआ है।

Tags: