कानोड़ में दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला पर चाकू से हमला, गले से सोने का मादलिया लूटकर फरार हुए बदमाश

कानोड़ के कुम्हार मोहल्ले में दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला पर चाकू से हमला कर गले से सोने का मादलिया लूट लिया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Update: 2026-07-03 14:46 GMT

कानोड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायल महिला का उपचार करते हुए

कानोड़ नगर के कुम्हार मोहल्ले में शुक्रवार को दिनदहाड़े अज्ञात लुटेरों ने घर के बाहर खड़ी एक बुजुर्ग महिला पर चाकू से हमला कर दिया और उसके गले में पहना सोने का मादलिया लूटकर फरार हो गए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार कुम्हार मोहल्ला निवासी घीसी बाई खटीक अपने निवास के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान अचानक पहुंचे अज्ञात हमलावरों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात के दौरान बदमाश महिला के गले में पहना मादलिया लूटकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल घीसी बाई को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया।

वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है और अज्ञात हमलावरों की तलाश जारी है।

Tags:    

Similar News