वीवो S70 में बेहतर जूम और फोटोग्राफी के लिए 200mm अटैचेबल टेलीकन्वर्टर लेंस का सपोर्ट मिल सकता है।

नई दिल्ली। स्मार्टफोन निर्माता वीवो अपनी S सीरीज में नया स्मार्टफोन Vivo S70 लॉन्च करने की तैयारी में है। इस आगामी स्मार्टफोन में Snapdragon 8s Gen 4 चिपसेट, 64MP पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा और 200mm टेलीकन्वर्टर लेंस का सपोर्ट मिलने की संभावना है। फोन के डिस्प्ले और कैमरा सेटअप से जुड़ी नई जानकारियां सामने आने के बाद इसके संभावित फीचर्स को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

इससे पहले Vivo S70 को बड़े टेलीफोटो सेंसर और अटैचेबल टेलीकन्वर्टर लेंस सपोर्ट के साथ पेश किए जाने की जानकारी सामने आई थी। अब टिपस्टर डिजिटल चैट स्टेशन ने इस स्मार्टफोन के प्रोसेसर, डिस्प्ले और कैमरा कॉन्फिगरेशन से जुड़ी जानकारियां साझा की हैं। हालांकि, वीवो ने अभी तक इस स्मार्टफोन के लॉन्च को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

Vivo S70 के संभावित फीचर्स की बात करें तो इसमें 6.59 इंच का 1.5K LTPS OLED फ्लैट डिस्प्ले दिया जा सकता है। इससे पहले मई महीने में चीन में लॉन्च हुए Vivo S60 में भी कंपनी ने इसी तरह का डिस्प्ले दिया था। नए स्मार्टफोन में Qualcomm Snapdragon 8s Gen 4 चिपसेट मिलने की उम्मीद है, जबकि Vivo S60 में Snapdragon 8s Gen 3 प्रोसेसर दिया गया था। वीवो अपनी S सीरीज के स्मार्टफोन में क्वालकॉम के 8s सीरीज प्रोसेसर का इस्तेमाल करती रही है।

कैमरा सेटअप की बात करें तो Vivo S70 के फ्रंट में 50MP का सेल्फी कैमरा मिलने की संभावना है। यही कैमरा Vivo S60 में भी दिया गया था। वहीं, फोन के पिछले हिस्से में ट्रिपल कैमरा सेटअप मिल सकता है। इसमें 50MP का प्राइमरी कैमरा, 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 64MP Sony LYT-610 पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

तुलना करें तो Vivo S60 में 50MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस दिया गया था, जो 3x ऑप्टिकल जूम सपोर्ट करता है। वहीं, आगामी Vivo S70 में 64MP का पेरिस्कोप सेंसर मिलने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस नए सेंसर के ऑप्टिकल जूम सपोर्ट को लेकर फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

Vivo S70 में मिलेगा 200mm टेलीकन्वर्टर सपोर्ट

Vivo S70 की एक प्रमुख खासियत इसमें मिलने वाला 200mm टेलीकन्वर्टर सपोर्ट हो सकता है। वीवो अब तक इस तरह की एक्सेसरीज अपने प्रीमियम X-सीरीज के स्मार्टफोन के साथ उपलब्ध कराती रही है। ऐसे में Vivo S70 कंपनी की S सीरीज का पहला स्मार्टफोन होगा, जिसमें टेलीकन्वर्टर का विकल्प मिलने की संभावना है।

अब तक Vivo S70 के प्रोसेसर, डिस्प्ले और कैमरा से संबंधित सभी जानकारियां टिपस्टर के माध्यम से सामने आई हैं। कंपनी ने इस आगामी स्मार्टफोन के फीचर्स, लॉन्च की तारीख और अन्य आधिकारिक विवरणों को लेकर अभी कोई जानकारी साझा नहीं की है।