बजट 2027-28: नैसकॉम ने एआई, साइबर सुरक्षा और कर स्पष्टता पर दिया जोर
| तीन वर्षीय एआई योजना, एमएसएमई साइबर सुरक्षा और ईएसओपी कर नियमों में बदलाव से इनोवेशन, औपचारिक रोजगार और वैश्विक निवेश को गति मिलने की उम्मीद है।
नैसकॉम ने बजट 2027-28 में एआई मिशन, साइबर सुरक्षा और कर स्पष्टता की मांग कर रोजगार बढ़ाना चाहा।
टेक्नोलॉजी क्षेत्र में तेजी से बदलते कारोबारी मॉडल और रोजगार के स्वरूप के बीच उद्योग संगठन नैसकॉम ने केंद्र सरकार से बजट 2027-28 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), साइबर सुरक्षा, कर व्यवस्था में स्पष्टता और औपचारिक रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने की अपील की है। बजट से पहले सरकार को सौंपे गए सुझावों में संगठन ने कहा है कि एआई के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए भारत को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए नीतिगत और संस्थागत स्तर पर ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
नैसकॉम के मुताबिक, एआई तेजी से टेक्नोलॉजी की मांग, कारोबारी मॉडल और रोजगार के स्वरूप में बदलाव ला रहा है। ऐसे में नीतिगत सुधारों के अगले चरण में बजट 2026-27 में घोषित ट्रांसफर प्राइसिंग उपायों को आगे बढ़ाते हुए टेक्नोलॉजी इनोवेशन, कार्यबल के कौशल में बदलाव और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (जीसीसी) के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
इस दिशा में संगठन ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और वित्त मंत्रालय की संयुक्त पहल पर तीन साल की शुरुआती अवधि वाली एआई सेवा परिवर्तन एवं नवाचार योजना शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। इसके तहत एआई आधारित उत्पादों और सेवाओं के विकास तथा उनके व्यावसायीकरण को प्रोत्साहित करने की सिफारिश की गई है।
नैसकॉम ने टेक्नोलॉजी कंपनियों के कर्मचारियों को भी इस बदलाव के अनुरूप तैयार करने पर जोर दिया है। संगठन का प्रस्ताव है कि कंपनियों को उभरती एआई आधारित भूमिकाओं के लिए अपने कर्मचारियों को दोबारा प्रशिक्षित करने में सहायता दी जाए। इससे उद्योग की बदलती तकनीकी जरूरतों के अनुरूप कुशल कार्यबल तैयार करने में मदद मिलेगी।
साइबर सुरक्षा के मोर्चे पर नैसकॉम ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के लिए समर्पित साइबर सुरक्षा कार्यक्रम को सरकारी समर्थन देने की मांग उठाई है। संगठन का कहना है कि छोटी कंपनियां तेजी से वैश्विक टेक्नोलॉजी डिलीवरी नेटवर्क का हिस्सा बन रही हैं। ऐसे में उनके डिजिटल ढांचे और साइबर सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करना जरूरी है, ताकि वे वैश्विक कारोबार से जुड़ी सुरक्षा चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें।
कर व्यवस्था में स्पष्टता लाने के लिए भी नैसकॉम ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। संगठन ने भारत के तेजी से बढ़ते जीसीसी इकोसिस्टम में विदेशी विशेषज्ञों, कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति और वैश्विक नेतृत्व वाली भूमिकाओं से जुड़े कर प्रावधानों को स्पष्ट करने की मांग की है। इसके साथ ही ऐसे सुरक्षा उपाय लागू करने का सुझाव दिया है, जिनसे विदेश से आने वाले कर्मचारियों की अस्थायी यात्राओं और सीमा पार प्रबंधकीय जिम्मेदारियों के कारण स्वतः स्थायी प्रतिष्ठान से जुड़े कर विवाद उत्पन्न न हों।
प्रतिभाओं को बनाए रखने और संपत्ति सृजन को प्रोत्साहन देने के लिए संगठन ने गैर-सूचीबद्ध कंपनियों में कर्मचारी स्टॉक ओनरशिप प्लान (ईएसओपी) के कराधान में बदलाव का प्रस्ताव भी रखा है। नैसकॉम का सुझाव है कि कर्मचारियों को शेयर आवंटित किए जाने के समय ही कर लगाने के बजाय भुगतान को शेयरों की बिक्री, कंपनी के शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने या निर्धारित अवधि पूरी होने तक टालने की व्यवस्था की जाए।
कॉरपोरेट पुनर्गठन से जुड़े मामलों में भी नैसकॉम ने कर-तटस्थ व्यवस्था लागू करने की मांग की है। इसके दायरे में पात्र कॉरपोरेट पुनर्गठन के साथ विलय और फास्ट-ट्रैक डीमर्जर को शामिल करने का प्रस्ताव है। संगठन ने अपील, रिफंड और कर भुगतान पर रोक से संबंधित प्रक्रियाओं को सरल बनाने तथा कर विवादों का तेजी से निपटारा सुनिश्चित करने की जरूरत भी बताई है।
नैसकॉम के अनुसार, इन प्रस्तावों को लागू करने से एआई अपनाने की प्रक्रिया को गति मिलेगी, औपचारिक रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा और वैश्विक निवेश आकर्षित करने में सहायता मिलेगी। साथ ही, नीतिगत सुधारों के जरिए भारत को प्रमुख वैश्विक प्रौद्योगिकी एवं नवाचार केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मजबूती मिल सकती है।