सवाई माधोपुर: पीएम स्वनिधि योजना से बदली शिवप्रकाश की आर्थिक स्थिति
सवाई माधोपुर के शहरी सेवा शिविर में शिवप्रकाश मीना को 50 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत, डिजिटल अपनाकर बढ़ाया कारोबार।
सवाई माधोपुर में शहरी सेवा शिविर के दौरान शिवप्रकाश मीना को 50,000 रुपये का चेक प्रदान करते हुए अधिकारी।
सवाई माधोपुर, 26 जून। 'शहरी सेवा शिविर-2026' के माध्यम से आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के जीवन में एक सुखद बदलाव देखने को मिल रहा है। सामोता निवासी शिवप्रकाश मीना की संघर्षपूर्ण कहानी इसी का एक सशक्त उदाहरण है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी और आज पीएम स्वनिधि योजना की सहायता से अपने छोटे से व्यवसाय को नई ऊंचाइयों पर ले गए हैं। एक समय ऐसा था जब गरीबी के कारण शिवप्रकाश का परिवार घोर आर्थिक संकट से जूझ रहा था और उनके पास अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए पूंजी का पूर्ण अभाव था।
नगर परिषद द्वारा आयोजित शिविरों के माध्यम से उन्हें पीएम स्वनिधि योजना की जानकारी प्राप्त हुई, जो उनके लिए एक नई सुबह लेकर आई। शिवप्रकाश ने तत्परता से आवेदन किया और प्रथम ऋण प्राप्त कर परचूनी की दुकान शुरू की। ऋण चुकाने के प्रति उनके समर्पण और अनुशासन ने उनके लिए प्रगति के द्वार खोल दिए। प्रथम ऋण के सफल भुगतान के उपरांत, उन्होंने 20 हजार रुपये के द्वितीय ऋण के लिए आवेदन किया और उसे भी समयबद्ध तरीके से चुकाया। शिवप्रकाश ने तकनीक के साथ कदम मिलाते हुए अपनी दुकान पर डिजिटल भुगतान प्रणाली को अपनाया, जिसके परिणामस्वरूप उनके ग्राहकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। बढ़ते व्यापार के साथ उन्होंने अतिरिक्त स्टॉक जुटाया और अपनी आय के साधन मजबूत किए।
उनकी निरंतर प्रगति और वित्तीय अनुशासन को देखते हुए, हाल ही में आयोजित शहरी सेवा शिविर में उन्हें योजना के अंतर्गत 50,000 रुपये का तीसरा बड़ा ऋण स्वीकृत किया गया। अपने इस सफल सफर को साझा करते हुए शिवप्रकाश भावुक हो उठते हैं और इसे एक 'नया जीवन' मिलने जैसा बताते हैं। वे इस सकारात्मक बदलाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। शिवप्रकाश की यह यात्रा न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से आम आदमी के जीवन में आने वाले वास्तविक बदलाव का प्रमाण भी है।