सवाई माधोपुर, 24 जुलाई। मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने के लिए प्रशासन ने तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी है। सम्भागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिला मुख्यालय सहित अन्य नगरीय क्षेत्रों में जलभराव रोकने और आमजन को राहत पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सम्भागीय आयुक्त ने सीवर एवं नालों की नियमित सफाई, सफाई के दौरान निकलने वाले कचरे के समुचित निस्तारण तथा जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्गों पर वर्षाजल निकासी की व्यवस्था सुचारु रहे। इसके साथ ही रपटों एवं संवेदनशील स्थलों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त किया जाए।

उन्होंने अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, परिसर की साफ-सफाई, अतिक्रमण हटाने तथा गर्भवती महिलाओं के सुरक्षित आवागमन एवं प्रसव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि जिले में मानसून के मद्देनजर जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर पर्याप्त कार्मिकों की तैनाती की गई है। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष 9530314000, 07462-220201, 07462-220602 तथा टोल फ्री 1077 पर आमजन आपदा संबंधी सूचना एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

जिला कलक्टर ने बताया कि आपदा राहत के लिए स्वयंसेवकों को अलर्ट रखा गया है तथा विभिन्न एजेंसियों के साथ संयुक्त मॉक ड्रिल भी आयोजित की जा चुकी है। जिले में जलभराव एवं अन्य संभावित आपदा स्थलों का चिन्हांकन कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

उन्होंने बताया कि बांधों, रपटों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। नगर परिषद सहित सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में नालों की सफाई निरंतर कराई जा रही है। आपदा की स्थिति में प्रभावितों के लिए राहत एवं भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर ली गई है।

वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को बांधों की सतत निगरानी रखने, ड्रेनेज व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा उपखण्ड स्तर पर संचालित नियंत्रण कक्षों में प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए।

मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा जल निकासी, स्वास्थ्य सेवाओं और नियंत्रण कक्षों की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story