सवाई माधोपुर स्वास्थ्य बैठक: अनुपस्थित चिकित्सा अधिकारी पर चार्जशीट
| जिला कलक्टर ने सर्दी में दवाइयां, टीबी जांच, एचपीवी टीकाकरण और योजनाओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
सवाई माधोपुर कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिला कलक्टर काना राम ने स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की।
सवाई माधोपुर में स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही और योजनाओं की धीमी प्रगति पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर शिवाड़ की चिकित्सा अधिकारी डॉ. निकिता के खिलाफ 17 सीसी चार्जशीट जारी करने के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर काना राम ने शनिवार, 28 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं और विभागीय कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए चिकित्सा अधिकारियों को सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलक्टर ने उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की विशेष देखभाल, समय पर एएनसी जांच एवं रिपोर्टिंग और संस्थागत प्रसव में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। सर्दी के मौसम और मौसमी बीमारियों की आशंका को देखते हुए सभी चिकित्सा संस्थानों में पर्याप्त दवाइयां, चिकित्सा सुविधाएं, कंबल और स्वच्छ बेडशीट उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने निमोनिया के मामलों को लेकर सतर्कता बरतने के साथ स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित साफ-सफाई और लेबर रूम की सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
टीबी जांच और स्वास्थ्य योजनाओं की मॉनिटरिंग के निर्देश
जिला कलक्टर ने टीबी कार्यक्रम के तहत ओपीडी में आने वाले संभावित मरीजों की बलगम जांच अनिवार्य रूप से कराने और टीबी मुक्त भारत अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत ई-केवाईसी, आयुष्मान वय वंदन योजना, मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना, मां योजना, मां वाउचर योजना, जननी सुरक्षा योजना और लाडो योजना के लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने 108 एम्बुलेंस का निर्धारित मापदंडों के अनुसार निरीक्षण करने, आभा आईडी और परिवार कल्याण कार्यक्रम की प्रगति बढ़ाने तथा संबंधित निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने को कहा। सभी ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को सेक्टर एवं ब्लॉक स्तरीय बैठकों का नियमित आयोजन करने, चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण करने, स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रभावी मॉनिटरिंग और ऑनलाइन प्रविष्टियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलक्टर ने डीएचआईएस पंजीकरण की प्रगति, आईएचएमएस रिपोर्ट, ओपीडी मय आभा, एनसीडी स्क्रीनिंग, आभा आईडी जनरेशन, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की प्रगति, बच्चों को रेफर करने, पीसीटीएस, जननी सुरक्षा योजना भुगतान, लाडो योजना भुगतान, ओजस सॉफ्टवेयर और मां वाउचर योजना की समीक्षा की।
इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, चार एएनसी चेकअप, संस्थागत प्रसव, एचपीवी टीकाकरण, परिवार कल्याण कार्यक्रम, अंतरा इंजेक्शन, संपूर्ण टीकाकरण, टीबी मुक्त अभियान और टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियानों की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
जिला कलक्टर ने सभी ब्लॉकों में कम प्रगति वाले पांच चिकित्सा संस्थानों को चिन्हित कर उनकी कार्यक्षमता मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने बार-बार सामने आ रही कमियों का फॉलोअप लेने और सुधार सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही चिकित्सा अधिकारियों को अपने कार्यों, क्षेत्र में किए जा रहे अच्छे प्रयासों और उपलब्धियों का प्रकाशन एवं प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
एचपीवी टीकाकरण और स्वास्थ्य जांच पर विशेष जोर
जिला कलक्टर ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण का निर्धारित लक्ष्य पूरा करने को कहा। इसके लिए बालिकाओं और उनके अभिभावकों को टीके के लाभों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। एनसीडी कार्यक्रम के तहत व्यापक स्तर पर स्क्रीनिंग, नियमित टीकाकरण और एएनसी पंजीकरण में प्रगति लाने पर भी जोर दिया।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत मोबाइल हेल्थ टीमों को विद्यालयों में बच्चों को नियमित रूप से एनीमिया की गोलियां वितरित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल जैमिनी और जिला कार्यक्रम अधिकारियों ने विभागीय गतिविधियों एवं प्रगति की बिंदुवार जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान पीएमओ, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधिकारी और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार के लिए नियमित निगरानी के साथ कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर किया जाए।