गांधी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने पक्षियों के लिए बांधे परिंडे

आगरिया में भीषण गर्मी और जल संकट के बीच स्कूली विद्यार्थियों ने पेड़ों पर परिंडे बांधकर पक्षियों के लिए पानी और दाने की व्यवस्था कर मानवता का संदेश दिया।

Update: 2026-05-09 08:54 GMT

आगरिया स्थित गांधी पब्लिक स्कूल में भीषण गर्मी के दौरान पक्षियों को राहत देने के लिए पेड़ पर परिंडा बांधते विद्यार्थी और विद्यालय के संचालक धर्मेश सालवी।

भीषण गर्मी के बीच गांधी पब्लिक स्कूल, आगरिया के विद्यार्थियों ने मानवता और जीव सेवा का प्रेरणादायक संदेश देते हुए पक्षियों के लिए पेड़ों पर परिंडे बांधकर पानी की व्यवस्था की। बढ़ते तापमान और जल संकट के दौर में बच्चों की इस पहल ने पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया।

विद्यालय परिसर में आयोजित इस गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों ने आमजन से भी अपील की कि गर्मी के दिनों में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था अवश्य करें, ताकि भीषण गर्मी में पक्षियों को राहत मिल सके। बच्चों ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से जीवों की रक्षा और पर्यावरण संतुलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

विद्यालय के संचालक धर्मेश सालवी ने विद्यार्थियों के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि जीवों के प्रति सेवा, करुणा और संवेदनशीलता का भाव समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी और प्रकृति के प्रति प्रेम विकसित करती हैं।

इस अवसर पर संस्था प्रधान रीना सालवी, शिक्षकगण कांता गर्ग, रक्षा कंवर, लक्ष्मी गुर्जर, लक्ष्मी रावणा, आरती सुथार, गायत्री कुमावत, उर्मिला वैष्णव एवं ललिता वैष्णव सहित सभी बच्चे उपस्थित रहे। विद्यार्थियों की इस पहल ने भीषण गर्मी के दौर में जीव संरक्षण और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का संदेश दिया।

Similar News