48 घंटे में ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का खुलासा: मजदूरी के ₹2 हजार के विवाद में युवक की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

ब्यावर में 48 घंटे के भीतर ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का खुलासा। मजदूरी के ₹2 हजार के विवाद में युवक की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दूसरे आरोपी की जांच जारी।

Update: 2026-07-07 12:45 GMT

ब्यावर जिले की साकेत नगर थाना पुलिस ने महज 48 घंटे में हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मजदूरी के ₹2 हजार के विवाद में आरोपी ने अपने साथी को कुएं में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी।

जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया तथा वृत्ताधिकारी राजेश कसाना के सुपरविजन में थाना साकेत नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को महिपाल सिंह निवासी काली कांकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई सतपाल सिंह 1 जुलाई को हरेन्द्र सिंह उर्फ कोकी और तिलोक सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर घर से गया था। आरोप है कि दोनों उसे कुएं के पास ले गए, शराब पिलाई और उसकी हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया।

मामले की जांच के दौरान कराए गए पोस्टमार्टम में मृतक के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। रिपोर्ट के आधार पर थाना साकेत नगर में प्रकरण संख्या 241/2026 भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर हरेन्द्र सिंह उर्फ कोकी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि मृतक सतपाल सिंह अपनी पुरानी मजदूरी के ₹2 हजार मांग रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कुएं के पास विवाद हुआ। आरोपी ने पैसे नहीं देने की नीयत से सतपाल सिंह को कुएं में धक्का दे दिया, जिससे गिरते समय कुएं में लगे सरिये से उसके सिर पर गंभीर चोट लगी और उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी हरेन्द्र सिंह उर्फ कोकी (26 वर्ष), निवासी काली कांकर, थाना साकेत नगर, जिला ब्यावर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में नामजद दूसरे आरोपी की भूमिका की भी जांच जारी है। हत्या के इस मामले का 48 घंटे के भीतर खुलासा करने में थाना प्रभारी गणपतराम के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Tags:    

Similar News