थोड़ी सी उम्मीद, थोड़ा सा आसमान: वैदेही की नई शुरुआत पर आरती बिराजदार बोलीं, शादी का मतलब सपनों को छोड़ना नहीं
आरती बिराजदार ने 'थोड़ी सी उम्मीद, थोड़ा सा आसमान' में वैदेही की शादी और पढ़ाई के सफर पर कहा कि शादी कभी भी सपनों को छोड़ने का कारण नहीं बननी चाहिए।
तस्वीर में आरती बिराजदार पारंपरिक साड़ी और आभूषणों में कैमरे के सामने खड़ी दिखाई दे रही हैं।
शादी को जिंदगी की नई शुरुआत माना जाता है, लेकिन कई लड़कियों के लिए यह वह दौर भी होता है जब उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के साथ-साथ जिम्मेदारियों का भी संतुलन बनाना पड़ता है। सन नियो के शो 'थोड़ी सी उम्मीद, थोड़ा सा आसमान' में इन दिनों इसी भावनात्मक और प्रेरक कहानी को दिखाया जा रहा है। शो में वैदेही की शादी होने वाली है, लेकिन इसी दौरान वह अपनी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी भी जारी रखे हुए है। वह शादी, पढ़ाई और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है। यह कहानी उन महिलाओं के संघर्ष, हिम्मत और मेहनत को सामने लाती है, जो अपनी जिम्मेदारियों के साथ अपने सपनों को भी नहीं छोड़तीं।
इस ट्रैक को लेकर वैदेही का किरदार निभा रहीं आरती बिराजदार ने कहा, "शो में इस समय वैदेही की शादी हो रही है और साथ ही वह अपनी परीक्षा की तैयारी भी कर रही है। वह अपनी जिंदगी के इन दोनों जरूरी पड़ावों को साथ लेकर चलने की कोशिश कर रही है। मैं यह कहानी पर्दे पर निभा रही हूं, लेकिन असल जिंदगी में भी बहुत-सी लड़कियां पढ़ाई, नौकरी, शादी और परिवार की जिम्मेदारियों को एक साथ संभालती हैं। घर और परिवार की जिम्मेदारियों के साथ अपने सपनों को पूरा करना आसान नहीं होता, लेकिन फिर भी कई महिलाएं हर दिन यह सब करती हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "मैंने ऐसी लड़कियों की कहानियां भी सुनी हैं, जो अपनी शादी के जोड़े में ही परीक्षा देने पहुंचीं, परीक्षा खत्म की और फिर वापस अपनी शादी में शामिल हो गईं। ऐसा करने के लिए जितनी हिम्मत और लगन चाहिए, वह सच में प्रेरणा देने वाली है। ऐसी हर लड़की को मेरा दिल से सलाम, जो अपनी जिम्मेदारियों को निभाते हुए भी अपने सपनों को नहीं छोड़ती। वे भले ही आम लड़कियां हों, लेकिन उनके हौसले और मेहनत उन्हें खास बनाते हैं। शादी का मतलब कभी भी अपने सपनों को छोड़ना नहीं होना चाहिए।"
'थोड़ी सी उम्मीद, थोड़ा सा आसमान' में दिखाया जा रहा यह ट्रैक उन महिलाओं की कहानी को सामने लाता है, जो जीवन के महत्वपूर्ण मोड़ों पर अपनी जिम्मेदारियों और सपनों के बीच संतुलन बनाने का प्रयास करती हैं। यह शो हर सोमवार से शनिवार शाम 7:30 बजे सिर्फ सन नियो पर प्रसारित होता है।