विक्रोळी में विकास कार्यों की रफ्तार पर उपमहापौर की नजर, संजय घाडी ने किया औचक निरीक्षण, अधिकारियों को सख्त निर्देश

विक्रोळी में उपमहापौर संजय घाडी ने विकास कार्यों का औचक निरीक्षण कर नाला सफाई, सड़क निर्माण और SRA परियोजनाओं की समीक्षा की। मानसून से पहले जलजमाव रोकने के लिए दिए गए सख्त निर्देशों ने अधिकारियों में हलचल बढ़ा दी।

Update: 2026-06-17 14:37 GMT

मुंबई के उपमहापौर संजय घाडी (दाएं से दूसरे) बुधवार को विक्रोळी में नगरसेवक राजेश सोनावळे, उपायुक्त संतोषकुमार धोंडे और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बुनियादी ढांचा कार्यों का निरीक्षण करते हुए।

मुंबई में मानसून के सक्रिय दौर के बीच उपनगरों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जलजमाव जैसी समस्याओं पर नियंत्रण के लिए जनप्रतिनिधियों की सक्रियता तेज हो गई है। इसी क्रम में मुंबई के उपमहापौर संजय घाडी ने बुधवार को विक्रोळी क्षेत्र का व्यापक औचक निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नाला सफाई, सार्वजनिक स्वच्छता व्यवस्था और सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश जारी किए।

निरीक्षण दौरे के दौरान स्थानीय नगरसेवक राजेश सोनावळे, उपायुक्त संतोषकुमार धोंडे, ‘एस’ वार्ड की सहायक आयुक्त समरीन सय्यद सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। उपमहापौर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि सभी जनहित के कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दौरे के दौरान उपमहापौर संजय घाडी ने साईनगर में चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और निर्देश दिया कि कंक्रीटीकरण का कार्य शीघ्र पूरा कर सड़क को आम नागरिकों के लिए तुरंत खोला जाए। इसके बाद उन्होंने विघ्नहर स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (SRA) प्रोजेक्ट क्षेत्र का दौरा कर स्थानीय निवासियों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने आवागमन के लिए नए रास्ते के प्रस्ताव, खुली भूमि पर पार्क विकास और बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विक्रोळी-जोगेश्वरी लिंक रोड पर वाल्मीकिनगर एसआरए प्रोजेक्ट के तहत संतोषी माता रोड से नाले तक निर्मित मार्ग का भी उन्होंने निरीक्षण किया। कार्य की गुणवत्ता को बीएमसी मानकों के अनुरूप पाते हुए उन्होंने इसकी सराहना की और म्हाडा अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया।

मानसून के दौरान जलजमाव की समस्या को रोकने के उद्देश्य से उपमहापौर ने भारतनगर नाले पर बने पैदल पुल और मस्जिद नाले का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि नालों के मुहाने पर मजबूत जालियां लगाई जाएं ताकि कचरा आगे न बह सके तथा तैरते हुए कचरे की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।

स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए उन्होंने सिद्धिविनायक मंदिर, जैन मंदिर और बुरहानी बालवाड़ी के पास स्थित डस्टबिनों से सुबह और रात दोनों पालियों में नियमित कचरा संग्रहण के निर्देश दिए। साथ ही राजीव गांधी नगर में प्रस्तावित बीएमसी अस्पताल की जमीन और हरियाली नाले की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया।

यह पूरा निरीक्षण दौरा विक्रोळी क्षेत्र में विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आगामी मानसून में नागरिकों को जलजमाव और अव्यवस्था से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Tags:    

Similar News