करौली जिला अस्पताल की प्रसव हेल्प डेस्क पर सीएमएचओ ने लिया जायजा, प्रसुताओं से सेवाओं का फीडबैक

करौली जिला अस्पताल में प्रसव हेल्प डेस्क का सीएमएचओ डॉ. सतीश चंद मीणा ने निरीक्षण किया और प्रसुताओं से सेवाओं का फीडबैक लेकर सुरक्षित मातृत्व पर जोर दिया।

Update: 2026-07-25 13:27 GMT

तस्वीर में करौली जिला अस्पताल की प्रसव हेल्प डेस्क पर सीएमएचओ डॉ. सतीश चंद मीणा, डीपीसी-आईईसी लखन सिंह लोधा और अन्य स्टाफ दस्तावेजों की जांच करते हुए नजर आ रहे हैं।

गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचते ही सहज, सुरक्षित एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला अस्पताल करौली में स्थापित प्रसव हेल्प डेस्क पर उपलब्ध सेवाओं का जायजा शनिवार दोपहर बाद सीएमएचओ डॉ. सतीश चंद मीणा ने मौके पर पहुंचकर लिया। इस दौरान डीपीसी-आईईसी लखन सिंह लोधा भी मौजूद रहे।

प्रथम चरण में स्वतंत्रता सेनानी शिवराज सिंह राजकीय जिला चिकित्सालय, करौली में प्रसव हेल्प डेस्क स्थापित कर सेवाएं प्रारंभ कर दी गई हैं। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. सतीश चंद मीणा ने डिलेवरी के बाद वार्ड में भर्ती प्रसूताओं से रूबरू होकर गर्भकाल के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा प्रदान की गई सेवाओं का फीडबैक लिया।

उन्होंने कोरीपुरा मासलपुर निवासी रेनू तथा अंजना कुमारी राजौर के कम हीमोग्लोबिन की स्थिति को देखते हुए एएनएम द्वारा की गई जांच, टीकाकरण, उपचार एवं परामर्श सेवाओं की जानकारी प्रसूताओं से प्राप्त की। प्रसूताओं ने एएनएम के कार्य को संतोषजनक बताया।

सीएमएचओ ने हेल्थ डेस्क पर मौजूद प्रसव सखी द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी जुटाई। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा स्थापित हेल्प डेस्क का उद्देश्य हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की प्राथमिकता के आधार पर पहचान कर सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करना है। इसलिए प्रसव हेल्प डेस्क के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में त्वरित, सम्मानजनक एवं समन्वित सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएं।

उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि विभाग हाई रिस्क गर्भवतियों की शीघ्र पहचान एवं समय पर उपचार सुनिश्चित कर सुरक्षित मातृत्व की दिशा में कार्य कर रहा है। गर्भवती महिलाएं संतुलित खानपान अपनाने के साथ विशेष दिवसों पर जांच, परामर्श और उपचार सेवाएं अपने नजदीकी चिकित्सा संस्थान से अवश्य प्राप्त करें।

Tags:    

Similar News